सक्ती के हसौद थाने में आरक्षक ने की आत्महत्या! बैरक में फंदे पर लटका मिला जवान का शव

जांजगीर चांपा। सक्ती जिले के हसौद थाना परिसर में पदस्थ आरक्षक जय लहरे ने शनिवार की देर रात थाना परिसर स्थित बैरक में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरक्षक जय लहरे थाना परिसर स्थित बैरक में मृत पाए गए। घटना का पता चलते ही थाना स्टाफ ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद एएसपी सहित पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही साक्ष्य एकत्र किए गए और मामले की जांच प्रारंभ कर दी गई है।
मृतक आरक्षक जय लहरे मूल रूप से जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम भलवाही के निवासी थे। उनके निधन की सूचना मिलते ही स्वजन भी हसौद पहुंच चुके हैं। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि बिना जांच पूरी हुए आत्महत्या के कारणों को लेकर किसी भी प्रकार का निष्कर्ष निकालना उचित नहीं होगा। अधिकारियों का कहना है कि सभी तथ्यों और परिस्थितियों की गहनता से जांच की जा रही है तथा जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




