छत्तीसगढ़

तीजा में 10 लोकल ट्रेनों पर ब्रेक : कोरबा से नागपुर तक यात्रियों की बढ़ेगी परेशानी

रायपुर। तीजा पर्व पर घर जाने वाली महिलाओं और रोजाना लोकल ट्रेनों से सफर करने वाले यात्रियों की मुश्किल बढ़ने वाली है। रेलवे ने 13 और 14 सितंबर को 10 लोकल ट्रेनों का परिचालन रद्द करने का फैसला लिया है। रायपुर मंडल में उरकुरा-रायपुर स्टोर डिपो के मध्य दोहरीकरण परियोजना के तहत उरकुरा स्टेशन पर यार्ड रीमॉडलिंग के लिए प्री-नॉन इंटरलॉकिंग और नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य किया जाएगा। इसके चलते इन दो दिनों में कई यात्री ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा।

तीजा पर्व के दौरान ट्रेनों में यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है। बसों में भीड़ से बचने के लिए बड़ी संख्या में यात्री लोकल ट्रेनों का सहारा लेते हैं। ऐसे में पर्व के बीच ट्रेनों के रद्द होने से यात्रियों को वैकल्पिक साधनों पर निर्भर रहना पड़ेगा। लोकल ट्रेनों के प्रभावित होने से एक्सप्रेस ट्रेनों में भी यात्रियों का दबाव बढ़ने की संभावना है। वहीं रोजाना लोकल ट्रेनों से सफर करने वाले यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।

गाड़ी संख्या 68728 रायपुर-बिलासपुर मेमू, 68734 बिलासपुर-गेवरारोड मेमू, 68733 गेवरारोड-बिलासपुर मेमू, 68719 बिलासपुर-रायपुर मेमू, 58203 कोरबा-रायपुर पैसेंजर, 58205 रायपुर-नेताजी सुभाषचंद्र बोस इतवारी पैसेंजर और 68746 रायपुर-गेवरा रोड मेमू पैसेंजर रद्द रहेगी।

गाड़ी संख्या 58204 रायपुर-कोरबा पैसेंजर, 58206 नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी-रायपुर पैसेंजर और 68745 गेवरा रोड-रायपुर मेमू पैसेंजर रद्द रहेगी। 13 सितंबर को गाड़ी संख्या 68862 झारसुगुड़ा-गोंदिया मेमू पैसेंजर बिलासपुर स्टेशन पर ही समाप्त होगी और बिलासपुर-गोंदिया के बीच रद्द रहेगी। इसी तरह गाड़ी संख्या 68861 गोंदिया-झारसुगुड़ा मेमू पैसेंजर बिलासपुर स्टेशन से प्रारंभ होगी तथा गोंदिया-बिलासपुर के बीच रद्द रहेगी।

लोकल ट्रेनों के रद्द होने का असर कोरबा से रायपुर, बिलासपुर, गेवरारोड और इतवारी के साथ ही नागपुर की ओर जाने वाले यात्रियों पर भी पड़ेगा। ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में यात्री छोटे शहरों तक आने-जाने के लिए लोकल ट्रेनों का इस्तेमाल करते हैं। रेलवे द्वारा कोरबा-रायपुर, इतवारी पैसेंजर, गेवरारोड मेमू और रायपुर-बिलासपुर मेमू जैसी ट्रेनों को रद्द किए जाने से इन यात्रियों की परेशानी बढ़ेगी।

Related Articles

Leave a Reply