शिवभक्ति का जुनून : 6 घंटे में 165 KM दौड़े जालमपुर के युवा, पूरी की तूफानी डाक कांवड़ यात्रा

धमतरी। जालमपुर वार्ड के युवाओं ने आस्था, साहस और जोश की मिसाल पेश करते हुए करीब 165 किलोमीटर लंबी तूफानी डाक कांवड़ यात्रा पूरी की। एकता मंच दुर्गा उत्सव समिति से जुड़े 18 से 24 वर्ष की उम्र के युवाओं ने धमतरी से राजिम और फिर राजिम से धमतरी तक दौड़ लगाते हुए यह धार्मिक यात्रा पूरी की। इस दौरान विभिन्न शिव मंदिरों में जलाभिषेक, पूजा-अर्चना और आरती की गई।
यात्रा की शुरुआत जालमपुर वार्ड से रात करीब 12 बजे हुई। युवा दौड़ते हुए लगभग दो बजे राजिम के कुलेश्वर धाम पहुंचे। यहां महानदी के त्रिवेणी संगम में स्नान के बाद कुलेश्वर महादेव मंदिर में जल अर्पित कर भगवान शिव की आरती की गई।
राजिम से रुद्री तक दौड़ते रहे युवा
पूजा-अर्चना के बाद करीब 3 बजे युवाओं ने राजिम से वापस धमतरी की ओर दौड़ शुरू की। लगातार दौड़ते हुए वे सुबह करीब 6 बजे रुद्री स्थित श्री रुद्रेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे। यहां भगवान रुद्रेश्वर का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना और आरती की गई। इसके बाद युवा पैदल जालमपुर वार्ड पहुंचे और भगवान भोलेनाथ को जल अर्पित किया।
युवाओं ने बताया कि इस अनूठी कांवड़ यात्रा के लिए करीब दो सप्ताह पहले से तैयारी की जा रही थी। उन्हें डाक कांवड़ यात्रा की प्रेरणा बाबा बैद्यनाथ धाम से मिली। युवाओं ने बताया कि करीब छह घंटे की लगातार यात्रा के दौरान कई चुनौतियां आईं, लेकिन भगवान शिव के प्रति आस्था और उत्साह ने उनका हौसला बनाए रखा।
वार्डवासियों ने किया भव्य स्वागत
जालमपुर वार्ड पहुंचने पर वार्ड पार्षद संजय देवांगन ने कांवड़ यात्रियों का स्वागत किया। उन्होंने युवाओं को दूध, केला, मिठाई और प्रसाद वितरित किया। वार्डवासियों ने भी युवाओं के साहस, समर्पण और शिवभक्ति की सराहना करते हुए उनका उत्साह बढ़ाया। युवाओं की इस अनोखी यात्रा से पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल देखने को मिला।




