छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में निजी बिजली वितरण कंपनी ने लगाया दांव, टाटा पावर ने मांगी अनुमति

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बिजली वितरण व्यवस्था में नई कंपनी की एंट्री हो सकती है। टाटा पावर कंपनी लिमिटेड ने रायपुर, धरसींवा, मंदिरहसौद और अभनपुर तहसील में बिजली वितरण की अनुमति मांगी है। कंपनी ने इसके लिए छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत नियामक आयोग के समक्ष आवेदन किया है।

प्रक्रिया में है आवेदन

टाटा पावर का आवेदन विद्युत अधिनियम के तहत बिजली वितरण की अनुमति के लिए दाखिल किया गया है। इसे आयोग में याचिका क्रमांक 89/2026 के रूप में दर्ज किया गया है। हालांकि, अभी कंपनी को बिजली वितरण की अनुमति नहीं मिली है और आवेदन प्रक्रिया में है।

1 अक्टूबर को आयोजित होगी जनसुनवाई

इस मामले में 1 अक्टूबर को सुबह 11:30 बजे छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत नियामक आयोग के रायपुर स्थित कार्यालय में जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। जनसुनवाई के दौरान आम लोगों, स्थानीय निकायों और संबंधित संस्थाओं से प्राप्त सुझावों और आपत्तियों पर विचार किया जाएगा। इसके बाद आयोग आवेदन पर आगे की प्रक्रिया और अंतिम निर्णय करेगा।

See also  जांजगीर नैला दुर्गा उत्सव: “मां का उपहार” बना सौभाग्य, लकी ड्रा में खुशी जैन को मिली कार, अन्य विजेताओं की भी लिस्ट जारी

दर्ज करा सकते हैं आपत्ति या सुझाव

जारी सूचना के अनुसार, इच्छुक व्यक्ति या संस्था सूचना प्रकाशित होने के 30 दिनों के भीतर अपनी आपत्ति या सुझाव दर्ज करा सकते हैं। आपत्ति में नाम, पता, मोबाइल नंबर, ई-मेल और आपत्ति का कारण देना होगा। साथ ही यह भी बताना होगा कि संबंधित व्यक्ति जनसुनवाई में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होना चाहता है या नहीं।

टाटा पावर के आवेदन और संबंधित दस्तावेज आयोग और कंपनी की वेबसाइट पर उपलब्ध कराए गए हैं। कार्यालय से दस्तावेजों की प्रति 500 रुपये में प्राप्त की जा सकती है। आपत्ति की छह प्रतियां शपथ-पत्र के साथ आयोग के सचिव को जमा करनी होंगी और एक प्रति टाटा पावर को भी भेजना जरूरी होगा।

फिलहाल रायपुर और प्रस्तावित क्षेत्रों की बिजली व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं हुआ है। यदि नियामक आयोग से टाटा पावर को अनुमति मिलती है, तो इन क्षेत्रों में बिजली वितरण के लिए एक और कंपनी के काम करने का रास्ता खुल सकता है। इससे उपभोक्ताओं को सेवा, शिकायतों के निराकरण, नए कनेक्शन और अन्य सुविधाओं के मामले में विकल्प मिल सकते हैं।

See also  सड़क हादसे में 2 मेडिकल स्टूडेंट्स की मौत:RIMS कॉलेज छात्र थे; रॉन्ग साइड घुसी तेज रफ्तार कार, 5 की हालत गंभीर

Related Articles

Leave a Reply