छत्तीसगढ़

रायपुर में स्पोर्ट्स टीचर ने की खुदकुशी, प्रेमिका की शादी दूसरी जगह तय हुई तो लगाई फांसी

रायपुर। राजधानी के ब्रह्मविद स्कूल में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब स्कूल के स्पोर्ट्स टीचर अमित पोद्दार का शव परिसर स्थित आवासीय भवन के कमरे में फंदे पर लटका मिला।

शिक्षक ने अपने कमरे में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना की जानकारी उस समय सामने आई, जब सुबह स्कूल नहीं पहुंचने पर कुछ विद्यार्थी उन्हें बुलाने उनके कमरे तक पहुंचे। काफी देर तक आवाज देने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।

इसके बाद विद्यार्थियों ने खिड़की से अंदर झांककर देखा तो शिक्षक का शव फंदे पर लटकता मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे की जांच शुरू की।

पुलिस को मृतक के कमरे से एक सुसाइड नोट भी मिला है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इसमें अमित ने अपनी प्रेमिका की शादी किसी दूसरे व्यक्ति से तय होने का उल्लेख किया है। इसी बात से मानसिक रूप से परेशान होकर आत्मघाती कदम उठाने की बात लिखी गई है। पुलिस ने सुसाइड नोट को जांच में शामिल कर लिया है।

See also  पेड़ से टकराई बस 6 यात्रियों की मौत, 15 घायलों को पहुंचाया गया अस्पताल

पुलिस को मिली प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, अमित पोद्दार की मुलाकात एक महिला स्पोर्ट्स टीचर से खेल आयोजन के दौरान हुई थी। पहली मुलाकात के बाद दोनों के बीच मोबाइल फोन और इंटरनेट मीडिया के माध्यम से बातचीत शुरू हुई।

धीरे-धीरे दोनों की नजदीकियां बढ़ीं और प्रेम प्रसंग शुरू हो गया। अमित महिला से शादी करना चाहता था। हालांकि, महिला के स्वजन इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं थे। इसी बीच महिला की शादी दूसरी जगह तय कर दी गई। बताया जा रहा है कि इस घटनाक्रम से अमित काफी परेशान था।

अमित पोद्दार स्कूल परिसर में बने आवासीय भवन में अपने कमरे में रहते थे। शुक्रवार सुबह निर्धारित समय पर स्कूल नहीं पहुंचने पर विद्यार्थियों को उनकी चिंता हुई। उन्हें बुलाने पहुंचे विद्यार्थियों ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। खिड़की से देखने पर घटना का पता चला। इसके बाद स्कूल प्रबंधन और पुलिस को सूचना दी गई।

See also  स्कूलों में वार्षिक परीक्षा की डेट जारी, 25 मार्च से 10 अप्रैल तक होंगे एग्जाम, डीपीआई ने सभी जिलों को जारी किया आदेश

पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मामले में मर्ग कायम कर सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

सुसाइड नोट में लिखी बातों के साथ ही मृतक के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और महिला स्पोर्ट्स टीचर से उसके संपर्क की भी जांच की जा सकती है। पुलिस का कहना है कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का पता चल सकेगा।

Related Articles

Leave a Reply