छत्तीसगढ़

आज से शुरू हुआ धान खरीदी का महाअभियान, इस बार उपज बेचने से पहले किसान जान लें ये जरूरी बात

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आज से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू हो गई है। किसान अपना टोकन लेकर तय खरीदी केंद्र पर धान बेच सकेंगे। इस बार किसान के भुगतान में दो बातें मायने रखेंगी। बेचे गए धान की मात्रा से समर्थन मूल्य का भुगतान तय होगा, जबकि पात्र रकबे के हिसाब से कृषक उन्नति योजना की सहायता मिलेगी।

मान लीजिए किसी पात्र किसान के नाम एक एकड़ धान का रकबा पंजीकृत है। वह अधिकतम सीमा 21 क्विंटल की जगह 15 क्विंटल कॉमन ग्रेड धान बेचता है। ऐसे में ₹2,441 प्रति क्विंटल के समर्थन मूल्य पर उसकी उपज का भुगतान ₹36,615 बनेगा। इसके अलावा उसे कृषक उन्नति योजना के तहत एक एकड़ की पूरी ₹13,839 सहायता मिलेगी। दोनों को मिलाकर कुल राशि ₹50,454 होगी।

कॉमन ग्रेड धान के समर्थन मूल्य और राज्य की ₹3,100 प्रति क्विंटल की तय दर में ₹659 का अंतर है। सरकार ने इस अंतर को प्रति एकड़ की अधिकतम खरीदी सीमा यानी 21 क्विंटल के आधार पर जोड़कर ₹13,839 प्रति एकड़ की सहायता तय की है। इसी दर से दो एकड़ पात्र रकबे पर ₹27,678 और तीन एकड़ पर ₹41,517 की सहायता बनेगी।

See also  अनपढ़ भी पढ़ा सकेंगे : जरूरी नहीं डिग्री, सामाजिक उपलब्धि हो तो पढ़ाएंगे स्नातकोत्तर छात्रों को भी

प्रदेश के 3,100 उपार्जन केंद्रों पर 27 लाख 50 हजार से अधिक किसानों से धान खरीदने की व्यवस्था की गई है। अभियान शुरू होने से पहले 3 लाख 50 हजार 972 टोकन पंजीकृत हो चुके थे। केंद्रों पर बारदाने, इलेक्ट्रॉनिक तौल और खरीदे गए धान के भंडारण व परिवहन की व्यवस्था की गई है।

Related Articles

Leave a Reply