राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा कार हादसे में घायल, रायपुर AIIMS में भर्ती, खरोरा में बंगोली के पास हुई दुर्घटना

रायपुर: छत्तीसगढ़ की राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा सड़क हादसे में घायल हो गईं. शुक्रवार को बलौदाबाजार में एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद रायपुर लौटते समय खरोरा थाना क्षेत्र के बंगोली के पास उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई. हादसे में सांसद के हाथ में चोट आई है. उनके हाथ में फ्रैक्चर हुआ है और बेहतर उपचार के लिए उन्हें रायपुर एम्स में भर्ती कराया गया है. बाकी के घायलों का खरोरा स्थित एमएमआई हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है.
जानकारी के मुताबिक, हादसे के वक्त कार में सांसद लक्ष्मी वर्मा के अलावा उनके बेटे, गनमैन और चालक सहित चार लोग सवार थे. दुर्घटना में चालक और गनमैन को भी चोटें आई हैं. चालक के पैर में चोट आने की जानकारी सामने आई है.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सांसद लक्ष्मी वर्मा बलौदाबाजार में कार्यक्रम में शामिल होकर रायपुर लौट रही थीं. इसी दौरान खरोरा के बंगोली के पास उनकी गाड़ी दुर्घटना का शिकार हो गई. घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. सांसद को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किए जाने के बाद एम्स में भर्ती कराया गया है.
ETV भारत से बातचीत में सांसद लक्ष्मी वर्मा के परिचित अनुपम अग्रवाल ने बताया कि सांसद की स्थिति फिलहाल ठीक है. उनके हाथ में चोट आई है. ड्राइवर को भी चोट आई है, सभी खतरे से बाहर है. बेहतर उपचार के लिए सांसद को रायपुर लाया गया है.
घटना की सूचना मिलने के बाद खरोरा थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसमें शामिल वाहनों की भूमिका क्या रही, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है. फिलहाल घायलों के उपचार पर ध्यान दिया जा रहा है.
खरोरा थाना पुलिस एसआई चेतन दुबे से फोन पर बातचीत में घटना के संबंध में अहम जानकारी सामने आई है. खरोरा थाने में पदस्थ प्रशिक्षु निरीक्षक के अनुसार, सांसद की कार को सामने से आ रहे एक अन्य वाहन ने टक्कर मारी थी. इस दुर्घटनाक्रम में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा की गाड़ी, ट्रैक्टर और इसके अलावा अन्य कुल तीन वाहन शामिल होने की जानकारी पुलिस की ओर से दी गई है.
पुलिस के मुताबिक, घटना के समय सांसद लक्ष्मी वर्मा अपनी कार से रायपुर की ओर जा रही थीं. इसी दौरान सामने से आ रहे वाहन से उनकी कार समेत तीनों वाहन टक्कर हो गई. बातचीत में पुलिस अधिकारी ने बताया कि टक्कर मारने वाले वाहन के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है. हालांकि, वाहन का सटीक प्रकार और दुर्घटना के विस्तृत कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी सामने नहीं आई है.




