छत्तीसगढ़बिलासपुर

पैसा डबल करने का झांसा, व्यापारी से 49 लाख की ठगी, दो भाइयों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज

बिलासपुर। जिले में पैसा डबल करने और कम समय में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर एक व्यापारी से करीब 49 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो भाइयों ने निवेश के नाम पर व्यापारी और उसके परिचितों से रकम ली, लेकिन न तो मूल पैसा लौटाया और न ही कोई मुनाफा दिया। शिकायत के बाद सिविल लाइन पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी फिलहाल दुबई में रह रहे हैं।

मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। गांधी चौक गांधीनगर निवासी दीपक भगतानी कतियापारा में किराना दुकान संचालित करते हैं। उनकी पहचान वर्ष 2020 में अग्रसेन चौक स्थित श्रीराम क्लॉथ मार्केट के संस्कृति गारमेंट संचालकों से हुई थी। आरोप है कि दोनों भाइयों ने उन्हें जमीन में निवेश और अन्य स्कीमों के जरिए कम समय में पैसा दोगुना करने का भरोसा दिलाया। उनकी बातों में आकर दीपक ने अपने परिवार और परिचितों से रकम जुटाई। इतना ही नहीं, नकद रकम की व्यवस्था करने के लिए बैंक से पैसे निकालने के साथ अपना सोना गिरवी रखा और दोस्तों व समाज के परिचितों से भी उधार लिया। इस तरह कुल 48 लाख 90 हजार रुपए निवेश के नाम पर दिए गए।समय पूरा होने पर जब व्यापारी ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी टालमटोल करने लगे। बाद में दोनों भाइयों के बिलासपुर छोड़कर दुबई चले जाने की जानकारी सामने आई। इस मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल ने बताया कि सिविल लाइन थाना क्षेत्र के प्रार्थी दीपक भगतानी से दो आरोपियों ने कम समय में अधिक मुनाफा देने का झांसा देकर करीब 49 लाख रुपए से अधिक की राशि ली थी। आरोपियों ने न तो मूल रकम लौटाई और न ही कोई मुनाफा दिया। शिकायत के आधार पर सिविल लाइन थाने में धोखाधड़ी की एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस आरोपियों का पता लगाकर आगे की कार्रवाई में जुटी है।

See also  जादू-टोने के शक में 4 लोगों ने मिलकर पति-पत्नी की ले ली जान, आरोपियों में एक ही परिवार के 3 लोग शामिल, सभी गिरफ्तार

गौरतलब है कि दोनों भाइयों के खिलाफ ऑनलाइन सट्टे के कारोबार से जुड़े मामले में भी पुलिस की जांच हो चुकी है। पुलिस के मुताबिक, सट्टे की रकम से करीब 25 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति अर्जित करने की जानकारी सामने आई थी। दोनों के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी किया गया है और रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है। अब 49 लाख रुपए की इस नई ठगी की शिकायत के बाद पुलिस की कार्रवाई पर नजर रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply