छत्तीसगढ़

रायपुर में ADEO परीक्षा में अव्यवस्था : परीक्षा केंद्र की गलत लोकेशन और लापरवाही के कारण दर्जनों अभ्यर्थी परीक्षा से वंचित

रायपुर : व्यावसायिक परीक्षा मंडल (Chhattisgarh Vyavsayik Pariksha Mandal) द्वारा आज सहायक विकास विस्तार अधिकारी (एडीईओ) की परीक्षा आयोजित की गई. इसमें शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को कोलंबिया कॉलेज, रायपुर में बनी अव्यवस्था का सामना करना पड़ा. रविवार को आयोजित इस परीक्षा के लिए बनाए गए केंद्र की गलत लोकेशन और प्रबंधन की लापरवाही के कारण दर्जनों अभ्यर्थी समय पर केंद्र तक नहीं पहुंच पाए और उन्हें परीक्षा से वंचित होना पड़ा.

अभ्यर्थी रवि कुमार साहू ने बताया कि परीक्षा केंद्र शहर से दूर आउटर इलाके में बनाया गया, जबकि रविवार होने के कारण शहर के सभी कॉलेजों में छुट्टी थी और वहां केंद्र बनाए जा सकते थे. उन्होंने सवाल उठाया, “शहर के अंदर सभी व्यवस्थाएं होने के बावजूद आउटर में केंद्र क्यों बनाया गया?”

कई अभ्यर्थियों ने बताया कि कोलंबिया कॉलेज गूगल मैप पर सही लोकेशन में नहीं दिख रहा था. विधानसभा के मुख्य मार्ग पर स्थित इस कॉलेज को ढूंढने में अभ्यर्थियों को एक-एक घंटे तक भटकना पड़ा. गूगल मैप और पूछताछ के सहारे केंद्र तक पहुंचने की कोशिश करने वाले कई विद्यार्थी समय पर नहीं पहुंच सके.

See also  छत्तीसगढ़: 14 जुलाई से राज्य की सड़कों पर दौड़ेगी यात्री बसें

परीक्षा के लिए सुबह 10 बजे तक रिपोर्टिंग का समय निर्धारित था. कई अभ्यर्थी 9:55 बजे तक कॉलेज कैंपस पहुंच गए, लेकिन उन्हें लेट होने का हवाला देकर प्रवेश नहीं दिया गया. केंद्र प्रबंधन ने किसी भी अभ्यर्थी की बात सुनने से इनकार कर दिया. भटकने के बाद केंद्र तक पहुंचे विद्यार्थी गिड़गिड़ाते रहे, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई.

अभ्यर्थियों ने कॉलेज प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया. उनका कहना है कि केंद्र की सही जानकारी और लोकेशन उपलब्ध न होने के कारण कई बेरोजगार युवा इस महत्वपूर्ण परीक्षा में शामिल नहीं हो पाए. अभ्यर्थियों ने कहा कि प्रबंधन ने उनकी समस्याओं पर ध्यान देने की बजाय सख्ती बरती, जिससे उनका भविष्य दांव पर लग गया.

परीक्षार्थियों ने व्यावसायिक परीक्षा मंडल और कॉलेज प्रबंधन से इस लापरवाही की जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. साथ ही, प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए दोबारा परीक्षा आयोजित करने की भी अपील की गई है.

See also  नौकरी का झांसा देकर लाखों की ठगी : पूर्व BJP नेता समेत बेटे पर FIR दर्ज, फर्जी नियुक्ति पत्र देने का आरोप

Related Articles

Leave a Reply