नौकरी का झांसा देकर लाखों की ठगी : पूर्व BJP नेता समेत बेटे पर FIR दर्ज, फर्जी नियुक्ति पत्र देने का आरोप

बलौदा बाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले के पूर्व भाजपा नेता एवं जिला महामंत्री कृष्ण स्वास्थ्य और उसके बेटे के खिलाफ ठगी का एक और नया मामला सामने आया है। यहां दोनों बाप बेटे ने नौकरी की तलाश कर रहे युवक को देशी शराब दुकान में सेल्समैन की नौकरी दिलाने का झांसा देकर 2 लाख 9 हजार रुपये लेने और कथित फर्जी नियुक्ति पत्र का झांसा देकर ठगी कर ली।
शिकायत के आधार पर भाटापारा शहर पुलिस ने ग्राम रिसदा निवासी प्रणव अवस्थी और उसके पिता कृष्णा अवस्थी के खिलाफ BNS की विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत के मुताबिक, युवक को अर्जुनी स्थित देशी मदिरा दुकान में सेल्समैन के पद पर नौकरी लगवाने का भरोसा दिया गया था। इसके एवज में उससे अलग-अलग किस्तों में कुल 2.09 लाख रुपये लिए गए। शिकायतकर्ता के अनुसार 5 जून को 60 हजार, 18 जून को 19 हजार, उसी दिन बैंक खाते में 1 लाख और 1 जुलाई को 30 हजार रुपये दिए गए।
रकम लेने के बाद शिकायतकर्ता को नियुक्ति संबंधी दस्तावेज दिए गए और रायपुर स्थित आबकारी आयुक्त कार्यालय पहुंचने को कहा गया। रायपुर पहुंचने के बाद जब युवक ने संबंधित दस्तावेजों को लेकर कंपनी से संपर्क किया तो कथित तौर पर दस्तावेज फर्जी होने की जानकारी मिली। शिकायत में कहा गया है कि स्पेक्ट्रम कंपनी की ओर से प्रणव अवस्थी नाम के किसी व्यक्ति के कंपनी में नियुक्त नहीं होने की बात बताई गई।
इसके बाद युवक ने अपनी रकम वापस मांगनी शुरू की। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि, अन्य लोगों को भी जिले की देशी शराब दुकानों में सेल्समैन की नौकरी दिलाने का झांसा देकर रकम लिए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने मामले में BNS की धारा 318(4), 338, 336(3) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस अब कथित फर्जी नियुक्ति पत्र, रकम के लेन-देन और मामले में अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।



