छत्तीसगढ़

बिलासपुर में रेलवे टिकट कलेक्शन की नगदी लेकर जा रहे कर्मचारी से दिनदहाड़े लूट

बिलासपुर। कोटा थाना क्षेत्र में रेलवे टिकट कलेक्शन के रुपए लेकर जा रहे एक निजी कंपनी के कर्मचारी से दिनदहाड़े झपटमारी की घटना सामने आई है। दो बदमाशों ने सुनसान इलाके में कर्मचारी को धक्का देकर गिरा दिया और नकदी व दस्तावेजों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है।

कोटा क्षेत्र के बेलगहना चौकी अंतर्गत ग्राम श्रीपारा निवासी भिखारी सिंह ध्रुव (33) सीएमएस कंपनी, बिलासपुर के तहत रेलवे टिकट कलेक्शन राशि एकत्र करने का काम करते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि बुधवार को वे अपनी मोटरसाइकिल से बेलगहना रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। वहां स्टेशन मास्टर राजीव रंजन सिंह से रेलवे टिकट कलेक्शन के सात हजार 430 रुपये, टीआर पर्ची और कलेक्शन पर्ची लेकर उसे भूरे रंग के बैग में रख लिया। बैग को कंधे पर टांगकर वे अगले कलेक्शन के लिए करगीरोड रेलवे स्टेशन जा रहे थे।

दोपहर करीब 12 बजे जब वे ग्राम बड़े बरर मोड़ से आगे सल्का डेम के पास मेन रोड पर पहुंचे, तभी सड़क पर खड़े एक युवक ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। उसी दौरान पास में बिना नंबर की पल्सर मोटरसाइकिल पर दूसरा युवक पहले से बैठा हुआ था। दोनों ने अपने चेहरे हल्के काले रंग के गमछे से ढंक रखे थे। जैसे ही भिखारी सिंह उनके पास पहुंचे, सड़क पर खड़े युवक ने उनके कंधे से बैग झपट लिया और धक्का देकर उन्हें बाइक समेत गिरा दिया।

घटना के बाद दोनों बदमाश लूटा गया बैग लेकर बिना नंबर की पल्सर मोटरसाइकिल से ग्राम सल्का की ओर फरार हो गए। बैग में नकदी के अलावा रेलवे कलेक्शन से जुड़े दस्तावेज भी रखे थे।

घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने मोबाइल से अपनी कंपनी के ब्रांच मैनेजर मुकेश गिरी गोस्वामी तथा कर्मचारियों धर्मेंद्र पांडेय और नीरज को घटना की जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने कोटा थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज कर आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। साथ ही लुटेरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए तलाश जारी है।

Related Articles

Leave a Reply