अस्पताल से लौट रहे तीन लोगों को ट्रक ने कुचला : युवक की मौके पर मौत, दो युवतियों ने एंबुलेंस में तोड़ा दम

मनेन्द्रगढ़। राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। इमली गोलाई के पास तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार तीन लोगों की जान चली गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक ट्रक में फंस गई और करीब 200 मीटर तक सड़क पर घिसटती रही। हादसे में बाइक चला रहे युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दोनों युवतियों की भी अस्पताल ले जाने के दौरान मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, बरबसपुर निवासी भूमिका अपनी सहेली प्रमिला के घर आयोजित अन्नप्राशन कार्यक्रम में शामिल होने आई थी। मंगलवार सुबह तबीयत बिगड़ने पर भूमिका, प्रमिला और भवन कुमार उपचार के लिए मनेन्द्रगढ़ के 220 बिस्तर सिविल अस्पताल पहुंचे थे। इलाज के बाद तीनों मोटरसाइकिल से नौगई के लिए रवाना हुए। बाइक भवन कुमार पिता नारायण चला रहा था। उसके साथ भूमिका और नौगई निवासी प्रमिला पिता खेलावन सिंह मरकाम सवार थीं। तीनों इमली गोलाई के पास पहुंचे ही थे कि विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक की टक्कर के बाद मोटरसाइकिल उसके हिस्से में फंस गई और करीब 200 मीटर तक घिसटती चली गई। हादसे में भवन कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं भूमिका ने अस्पताल ले जाते समय एंबुलेंस में दम तोड़ दिया। तीसरी सवार प्रमिला गंभीर रूप से घायल हो गई थी। उसे मनेन्द्रगढ़ सिविल अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर रेफर किया। लेकिन उसकी हालत इतनी नाजुक थी कि अंबिकापुर पहुंचने से पहले ही पटना के पास एंबुलेंस में उसकी मौत हो गई। इसके साथ ही हादसे में मृतकों की संख्या तीन हो गई।
दुर्घटना की सूचना मिलने पर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मामले का संज्ञान लिया था। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को घायल युवती को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही हादसे में हुई जनहानि पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
हादसे की जानकारी मिलने के बाद पूर्व विधायक गुलाब कमरो, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी रामचरित द्विवेदी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राजकुमार केशरवानी, पार्षद स्वप्निल सिन्हा सहित अन्य लोग अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घटना की जानकारी ली और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई।




