केरा की बेटी का कमाल: ‘मिस छत्तीसगढ़’ में अपर्णा आदित्य बनीं फर्स्ट रनर-अप, जांजगीर जिले का बढ़ाया मान

जांजगीर : छत्तीसगढ़ के प्रतिष्ठित ब्यूटी पेजेंट ”मिस छत्तीसगढ़” में जांजगीर-चांपा जिले के केरा गांव की बेटी अपर्णा आदित्य ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फर्स्ट रनर-अप का खिताब अपने नाम किया है। एक साधारण किसान परिवार से आने वाली अपर्णा की इस उपलब्धि ने न केवल उनके गांव, बल्कि पूरे जिले का गौरव बढ़ाया है।
प्रतियोगिता के दौरान अपर्णा ने अपनी सादगी, आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और मंच प्रस्तुति से निर्णायक मंडल व दर्शकों को प्रभावित किया। उन्होंने छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति और परंपरा को आधुनिक सोच के साथ प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर अपनी अलग पहचान बनाई। उनकी सफलता इस बात का प्रमाण है कि प्रतिभा और दृढ़ संकल्प के बल पर ग्रामीण परिवेश से निकलकर भी बड़े मंचों पर सफलता हासिल की जा सकती है।
अपर्णा ने अपनी उपलब्धि का श्रेय माता माधुरी आदित्य और पिता नरेश आदित्य के आशीर्वाद एवं सहयोग को दिया। उन्होंने अपनी मौसी डा. रश्मि लता राकेश, बहन देवनंदिनी, भाई विमल, मित्र करण देवांगन तथा चिन्हारी माडलिंग एकेडमी के प्रशिक्षक प्रेम साईं भगत के मार्गदर्शन और प्रोत्साहन के प्रति भी आभार व्यक्त किया। उनका कहना है कि परिवार और गुरुजनों के विश्वास ने ही उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया।
अपर्णा की इस उपलब्धि से केरा गांव सहित पूरे क्षेत्र और समाज में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने इसे जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि अपर्णा की सफलता ग्रामीण प्रतिभाओं के लिए नई प्रेरणा बनेगी और अन्य युवाओं को भी अपने सपनों को साकार करने का हौसला देगी।




