राजधानी में तालाब किनारे बोरे में मिला अज्ञात युवक का शव, सिर कुचलकर हत्या की आशंका, इलाके में फैली सनसनी

रायपुर। राजधानी रायपुर से लगे नवा रायपुर के राखी थाना क्षेत्र में एक बोरे के भीतर अज्ञात युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। शव की हालत देखकर प्रथम दृष्टया यह मामला निर्मम हत्या का माना जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही राखी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है, लेकिन पुलिस उसकी शिनाख्त कराने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह गांव के कुछ लोग खेतों की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर तालाब के पास सड़क किनारे पड़े एक संदिग्ध बोरे पर पड़ी। बोरे के बाहर खून के निशान दिखाई देने पर ग्रामीणों को अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना राखी थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जब बोरे को खोला गया तो उसके अंदर एक युवक का शव मिला। शव देखकर मौके पर मौजूद लोगों के भी रोंगटे खड़े हो गए। कुछ ही देर में आसपास के गांवों के लोग भी बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष के बीच है। शव के पास से कोई पहचान पत्र, मोबाइल फोन या अन्य सामान बरामद नहीं हुआ, जिससे उसकी पहचान हो सके।
प्रत्यक्षदर्शियों और प्रारंभिक जांच के अनुसार युवक के सिर पर किसी भारी और नुकीली वस्तु से कई बार वार किए गए हैं। हमले इतने गंभीर थे कि उसका सिर पूरी तरह कुचल गया। शव की स्थिति को देखते हुए माना जा रहा है कि हत्या बेहद बेरहमी से की गई है। पुलिस को यह भी आशंका है कि वारदात किसी अन्य स्थान पर अंजाम दी गई और बाद में शव को बोरे में भरकर ग्राम बेंद्री के तालाब किनारे फेंक दिया गया।
राखी थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव की पहचान के लिए शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के सभी थानों को सूचना भेजी गई है। साथ ही हाल ही में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का भी मिलान किया जा रहा है।
घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि शव को वहां तक कौन और किस वाहन से लेकर आया। वहीं फोरेंसिक टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं, जिनकी जांच के बाद कई अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।
ग्राम बेंद्री में बोरे में शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। इस जघन्य हत्या की घटना के बाद इलाके में भय और दहशत का माहौल है।




