छत्तीसगढ़

बिलासपुर में भड़के बोल बम श्रद्धालु; ट्रेन रद करने के विरोध में रामलीला मैदान से शुरू होगा जीएम दफ्तर घेराव

बिलासपुर: श्रावण मास में बाबा बैद्यनाथ धाम जलाभिषेक के लिए जाने वाले बोल बम श्रद्धालुओं में रेलवे द्वारा आरक्षित ट्रेन निरस्त किए जाने को लेकर भारी नाराजगी है। श्रद्धालुओं ने इसे उनकी धार्मिक आस्था पर सीधा आघात बताते हुए सोमवार 20 जुलाई को रेलवे महाप्रबंधक कार्यालय का घेराव करने की घोषणा की है।

श्रद्धालुओं का कहना है कि उन्होंने काफी पहले रेलवे में आरक्षण कराया था। यात्रा की तैयारियां पूरी कर ली थीं, अवकाश स्वीकृत करा लिया था और कांवड़ यात्रा की सभी व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित कर ली थीं। इसके बावजूद अंतिम समय में ट्रेन रद कर दिए जाने से हजारों शिवभक्तों की यात्रा संकट में पड़ गई है। उनका कहना है कि रेलवे का यह निर्णय पूरी तरह असंवेदनशील और अन्यायपूर्ण है। इससे केवल यात्रा प्रभावित नहीं हुई, बल्कि शिवभक्तों की धार्मिक भावनाओं को भी ठेस पहुंची है।

रामलीला मैदान में जुटेंगे शिवभक्त, आंदोलन की चेतावनी

श्रद्धालुओं ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि या तो निरस्त ट्रेन को तत्काल पुनः संचालित किया जाए या बोल बम यात्रियों के लिए विशेष ट्रेन या अन्य वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए, ताकि उनकी यात्रा प्रभावित न हो। इसी मांग को लेकर सोमवार सुबह रेलवे महाप्रबंधक कार्यालय का शांतिपूर्ण घेराव किया जाएगा। इसके लिए सभी बोल बम श्रद्धालुओं और शिवभक्तों से सुबह तोरवा थाना के पास स्थित रामलीला मैदान में एकत्र होने की अपील की गई है, ताकि श्रद्धालुओं की आस्था और अधिकारों की आवाज़ बुलंद हो सके। श्रद्धालुओं का कहना है कि 14 अगस्त को पटना से दुर्ग जाने वाली साउथ बिहार एक्सप्रेस ट्रेन को पटना से राउरकेला तक ही चलाया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply