छत्तीसगढ़जांजगीर चांपा

खाना खाने के बाद घर से निकला युवक, सुबह तालाब में तैरता मिला शव; जांच में जुटी पुलिस

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ ब्लॉक के ग्राम पेण्ड्री से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां लिमाही तालाब में एक युवक का शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 36 वर्षीय परस राम यादव के रूप में हुई है।

परिजनों के मुताबिक, परस राम यादव बीती रात घर पर खाना खाने के बाद करीब साढ़े 9 बजे दिशा मैदान के लिए घर से निकले थे। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटे। परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन रात में उनका कोई पता नहीं चल सका।

सुबह ग्राम पेण्ड्री के लिमाही तालाब में युवक का शव तैरता हुआ दिखाई दिया। शव मिलने की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और इसकी जानकारी पामगढ़ पुलिस को दी गई।

सूचना के बाद पामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकलवाकर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं परस राम यादव की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में भी शोक का माहौल है।

Related Articles

Leave a Reply