
कोरबा जिले के छुरी स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय के स्कूली बच्चों ने एक बार फिर अपनी मांगों को लेकर आंदोलन का रास्ता अपनाया है। पढ़ाई छोड़कर बड़ी संख्या में छात्र सड़क पर उतर आए और छुरी पंचायत के सामने कोरबा-कटघोरा मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। एक महीने के भीतर छात्रों का यह तीसरा आंदोलन बताया जा रहा है। चक्का जाम के चलते सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित हुआ।
छात्रों ने छुरी पंचायत के सामने सड़क पर बैठकर प्रदर्शन किया। चक्का जाम के कारण कोरबा-कटघोरा मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। आंदोलन कर रहे छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक वे सड़क से नहीं हटेंगे।
बताया जा रहा है कि छात्र इससे पहले भी अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर चुके हैं। एक कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने विधायक का घेराव किया था। इसके बाद सड़क पर उतरकर चक्का जाम भी किया गया था। छात्रों का आरोप है कि लगातार आंदोलन और शिकायतों के बावजूद उनकी मांगों पर अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जिसके चलते उन्हें दोबारा सड़क पर उतरना पड़ा।
आंदोलन कर रहे छात्रों की प्रमुख मांग एकलव्य आवासीय विद्यालय छुरी के प्रिंसिपल डॉ. अरसद अहमद अली और छात्रावास अधीक्षक को तत्काल हटाने की है। छात्रों का आरोप है कि स्कूल और छात्रावास से जुड़ी समस्याओं को लेकर कई बार जिम्मेदार अधिकारियों के सामने अपनी बात रखी गई, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।
छात्रों के चक्का जाम की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। सहायक आयुक्त, अपर कलेक्टर, डिप्टी कलेक्टर और थाना प्रभारी समेत प्रशासनिक अधिकारी छात्रों से बातचीत कर रहे हैं। अधिकारी छात्रों को समझाने और सड़क से हटाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन छात्र अपनी मांगों पर कार्रवाई होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कह रहे हैं।
लगातार होने वाले चक्का जाम को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों में भी नाराजगी बताई जा रही है। उनका कहना है कि बार-बार होने वाले आंदोलन से आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। फिलहाल प्रशासनिक अधिकारी छात्रों से बातचीत कर रहे हैं। अब देखना होगा कि छात्रों की मांगों पर क्या निर्णय लिया जाता है और कोरबा-कटघोरा मुख्य मार्ग पर जारी चक्का जाम कब समाप्त होता है।




