स्वच्छ सर्वेक्षण में छत्तीसगढ़ का परचम : बिल्हा ने देशभर में हासिल किया पहला स्थान, रायपुर और बिलासपुर भी सम्मानित

रायपुर। स्वच्छता और बेहतर नगरीय प्रबंधन के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में प्रदेश के तीन नगरीय निकायों रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा को राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। इनमें बिलासपुर जिले की नगर पंचायत बिल्हा ने 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देशभर में पहला स्थान हासिल कर छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है। वहीं, बिलासपुर को ‘स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन’ श्रेणी में राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान मिला है, जबकि रायपुर नगर निगम को स्वच्छता के क्षेत्र में राज्य में प्रथम पुरस्कार से नवाजा गया है।
द्रौपदी मुर्मु ने छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल को राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किए। इस दौरान उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव, विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा और संबंधित नगरीय निकायों के महापौर एवं आयुक्त मौजूद रहे। कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी उपस्थित थे।
20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में नगर पंचायत बिल्हा का देश में प्रथम स्थान हासिल करना इस उपलब्धि का सबसे खास पहलू रहा। यह सम्मान बताता है कि सीमित संसाधनों के बावजूद बेहतर प्रबंधन, स्वच्छता के प्रति प्रतिबद्धता और नागरिकों की भागीदारी से छोटे शहर भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। वहीं, बिलासपुर को स्वच्छ नदी तटवर्ती शहरों की श्रेणी में दूसरा स्थान मिला है। रायपुर नगर निगम ने भी राज्य स्तर पर स्वच्छता में पहला पुरस्कार हासिल किया है। तीनों निकायों की उपलब्धि को प्रदेश में स्वच्छता व्यवस्था और नगरीय सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का परिणाम माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर प्रदेशवासियों, नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्वच्छता कर्मियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण में छत्तीसगढ़ को मिला राष्ट्रीय सम्मान शहरों की बदलती तस्वीर और स्वच्छता के प्रति प्रदेशवासियों की सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रमाण है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिल्हा का देश में प्रथम स्थान, बिलासपुर का स्वच्छ नदी तटवर्ती शहरों की श्रेणी में दूसरा स्थान और रायपुर का राज्य में अग्रणी रहना पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है। सरकार का लक्ष्य केवल स्वच्छता रैंकिंग में आगे बढ़ना नहीं, बल्कि ऐसी स्थायी व्यवस्था विकसित करना है, जिसमें स्वच्छता हर नागरिक की आदत और हर शहर की पहचान बने।




