छत्तीसगढ़ के 2 लाख लोगों को मिलेगा नया घर… 11 सितंबर को गृह प्रवेश, सक्ती को 122 करोड़ का तोहफा

रायपुर। ग्रामीण विकास, आवास और महिला सशक्तीकरण को नई गति देने के लिए 11 सितंबर को सक्ती जिले के ग्राम जेठा में बड़ा आयोजन होगा। केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि-किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में करीब 122 करोड़ रुपये से अधिक के 39 विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन किया जाएगा। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत नवनिर्मित दो लाख आवासों में हितग्राहियों का गृह प्रवेश कराया जाएगा।
कार्यक्रम में हितग्राहियों को ‘खुशियों की चाबी’ प्रदान की जाएगी। ग्रामीण आवास योजना में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए एआई आधारित जियो-टैग सत्यापन और सेल्फ जियो-टैग रिपोर्ट प्रणाली की शुरुआत भी होगी। इससे आवास निर्माण की निगरानी और सत्यापन प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने का दावा है।
विकसित भारत-जी राम जी के तहत ‘धार अपार अभियान’ शुरू किया जाएगा। इसके जरिए नदियों और सहायक जलधाराओं के पुनरुद्धार व संरक्षण को जनभागीदारी से आगे बढ़ाया जाएगा। वहीं ‘सुघ्घर बाड़ी’ अभियान के माध्यम से निजी व सामुदायिक भूमि पर पौधरोपण कर ग्रामीण परिवारों के लिए आय के स्थायी स्रोत विकसित करने पर जोर रहेगा।




