छत्तीसगढ़ में UPI पर MDR को लेकर विरोध : सराफा और पेट्रोल पंप एसोसिएशन ने जताई आपत्ति, सरकार से फैसला वापस लेने की मांग

रायपुर। छत्तीसगढ़ में UPI भुगतान पर MDR (Merchant Discount Rate) लागू किए जाने की चर्चा के बीच व्यापारिक संगठनों ने इसका विरोध शुरू कर दिया है। सराफा एसोसिएशन और पेट्रोल पंप एसोसिएशन ने MDR को लेकर अपनी आपत्ति जताते हुए इसे वापस लेने की मांग की है।
सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष धरमचंद भंसाली ने कहा कि यदि व्यापारियों को UPI भुगतान पर MDR देना पड़ा, तो इसकी भरपाई के लिए ग्राहकों से अतिरिक्त राशि लेने की स्थिति बन सकती है। उनका कहना है कि इससे डिजिटल भुगतान करने वाले ग्राहकों पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा। उन्होंने सरकार से MDR से जुड़े निर्णय को वापस लेने की मांग की है।
पेट्रोल पंप एसोसिएशन ने भी जताया विरोध
पेट्रोल पंप एसोसिएशन के अध्यक्ष अखिल घगट ने भी UPI पर MDR को लेकर आपत्ति जताई है। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर राष्ट्रीय स्तर पर केंद्रीय वित्त मंत्री को पत्र भेजा गया है। एसोसिएशन अब सरकार के जवाब का इंतजार कर रहा है और जवाब मिलने के बाद आगे की रणनीति तय करने की बात कही है।
व्यापारी संगठनों ने भी जताई चिंता
व्यापारी संगठनों का कहना है कि डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के बीच UPI लेनदेन पर अतिरिक्त शुल्क का असर व्यापारियों और ग्राहकों दोनों पर पड़ सकता है। अब इस मुद्दे पर सरकार के जवाब का इंतजार है।




