हॉस्टल के दरवाजे में दौड़ रहा था करंट : 15 वर्षीय छात्र की मौत, स्कूल प्रबंधन पर उठे सवाल

सीतापुर। छत्तीसगढ़ के सीतापुर क्षेत्र के ग्राम सुर स्थित केन मेमोरियल स्कूल के हॉस्टल में करंट की चपेट में आने से कक्षा आठवीं के 15 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। मृतक की पहचान आशुतोष के रूप में हुई है, जो जशपुर जिले के ग्राम तमता निवासी शिक्षक विकास का इकलौता बेटा था। घटना के बाद हॉस्टल की सुरक्षा व्यवस्था और रखरखाव पर सवाल उठ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, आशुतोष ग्राम सुर स्थित केन मेमोरियल स्कूल में कक्षा आठवीं का छात्र था और हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करता था। शनिवार रात वह अपने कमरे का दरवाजा खोल रहा था, तभी उसे बिजली का जोरदार झटका लगा। करंट लगने से वह बेहोश हो गया। इसके बाद छात्र को देर रात उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, कमरे के दरवाजे में करंट प्रवाहित होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, छात्र की मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
आशुतोष जशपुर जिले के ग्राम तमता निवासी शिक्षक विकास का इकलौता बेटा था। उसके माता-पिता ने बेहतर शिक्षा की उम्मीद से उसे केन मेमोरियल स्कूल में दाखिला दिलाया था, जहां वह हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था। बताया जा रहा है कि आशुतोष पढ़ाई के साथ खेलकूद में भी अच्छा था। बेटे की मौत की खबर मिलते ही उसके माता-पिता अस्पताल पहुंचे। अपने इकलौते बेटे का शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
इस घटना के बाद केन मेमोरियल स्कूल के हॉस्टल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। परिजनों का आरोप है कि हॉस्टल में अव्यवस्था और कथित लापरवाही के कारण उनके बेटे की जान गई है। परिजनों के अनुसार, यदि कमरे के दरवाजे में करंट प्रवाहित हो रहा था, तो इसकी जानकारी प्रबंधन को क्यों नहीं हुई? हॉस्टल में बिजली के उपकरणों और वायरिंग की नियमित जांच की जिम्मेदारी किसकी थी? इन सवालों को लेकर अब हॉस्टल की व्यवस्था पर चर्चा हो रही है। घटना के बाद हॉस्टल में रहने वाले अन्य विद्यार्थियों के अभिभावकों में भी चिंता का माहौल है। हालांकि, स्कूल प्रबंधन की जिम्मेदारी और संभावित लापरवाही के संबंध में जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले में मर्ग कायम किया। छात्र के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया है। इस संबंध में थाना प्रभारी प्रदीप जायसवाल ने बताया कि हॉस्टल में रहने वाले छात्र की मौत करंट लगने से होना प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




