छत्तीसगढ़

एआई से तस्वीरें बदलकर भ्रामक खबरें प्रकाशित, रायपुर से गिरफ्तार हुआ पोर्टल संचालक

बिलासपुर। डिजिटल मीडिया के जरिए किसी की छवि खराब करने और ब्लैकमेलिंग का एक गंभीर मामला सामने आया है। बिलासपुर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में दर्ज शिकायत के बाद पुलिस ने ‘द हनी बैजर न्यूज़’ पोर्टल के संचालक दीपक टंडन को रायपुर से गिरफ्तार किया है। आरोप है कि एआई तकनीक का इस्तेमाल कर लोगों की तस्वीरों में बदलाव किया जाता था और फिर आपत्तिजनक व भ्रामक शीर्षकों के साथ खबरें प्रकाशित कर उन्हें बदनाम करने और ब्लैकमेल करने की कोशिश की जाती थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। फिलहाल मामले में अन्य नामजद आरोपियों की भूमिका और ब्लैकमेलिंग व उगाही से जुड़े आरोपों की जांच की जा रही है।

पूरा मामला 29 अक्टूबर का है, जब तिफरा के महाराणा प्रताप नगर निवासी मणीशंकर पांडेय ने सिरगिट्टी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उनकी तस्वीर को एआई तकनीक के जरिए बदलकर न्यूज़ पोर्टल और सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक, भ्रामक और अपमानजनक शीर्षकों के साथ प्रकाशित किया गया। इससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने और ब्लैकमेल करने की कोशिश की गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 798/2026 के तहत छत्तीसगढ़ टोन्ही प्रताड़ना निवारण अधिनियम की धारा 4 और 5 तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

See also  नाबालिगों को नशे के लिए व्हाइटनर बेचने वाले दो दुकानदार गिरफ्तार

जांच के दौरान पुलिस को आरोपी दीपक टंडन उर्फ अंबेडकर टंडन की संलिप्तता के साक्ष्य मिले, जिसके बाद सिरगिट्टी पुलिस ने रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र स्थित रजत प्राइम अपार्टमेंट से उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी के दोनों मोबाइल फोन से हनी बैजर पोर्टल से संबंधित सामग्री के अलावा कई आपत्तिजनक फोटो, वीडियो और ऑडियो क्लिप भी मिली हैं, जिन्हें जब्त किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस अब इस मामले में नामजद अन्य आरोपियों की भूमिका के साथ ब्लैकमेलिंग और उगाही से जुड़े आरोपों की भी जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply