फेक APK फाइल से जगदलपुर के दुकानदार को साइबर ठगों ने बनाया शिकार, खाते से उड़ाए 3.19 लाख रुपए

जगदलपुर। साइबर ठग अब लोगों की मेहनत की कमाई पर सेंध लगाने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं। कभी बैंक अधिकारी बनकर तो कभी आकर्षक ऑफर और अनजान लिंक के जरिए लोगों को अपने जाल में फंसा रहे हैं। ऐसा ही एक मामला जगदलपुर में सामने आया है, जहां एक दुकानदार को एपीके (APK) फाइल के जरिए साइबर ठगों ने अपना शिकार बना लिया। मोबाइल पर आए अनजान लिंक को टच करने और ओटीपी साझा करने के बाद पीड़ित के बैंक खाते से 3 लाख 19 हजार रुपए पार हो गए। मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, मामला जगदलपुर के पुराने बस स्टैंड स्थित पारस प्रोविजन स्टोर का है। यहां दुकान संचालित करने वाले 52 वर्षीय शिशुपाल जैन के मोबाइल पर साइबर ठगों ने एपीके फाइल का लिंक भेजा था। पीड़ित ने जैसे ही उस लिंक को टच किया, उनके मोबाइल पर ओटीपी आया। इसके बाद ओटीपी साझा करते ही साइबर ठगों ने उनके बैंक खाते से 3 लाख 19 हजार रुपए की रकम निकाल ली।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित ने कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। बस्तर के एडिशनल एसपी सुखनंदन राठौर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि, शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ साइबर फ्रॉड और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।
पुलिस की साइबर टीम यह पता लगाने में जुटी है कि ठगी की रकम किन खातों में ट्रांसफर हुई और आरोपियों ने किस माध्यम से इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। लगातार बढ़ रहे साइबर अपराधों को देखते हुए पुलिस लोगों को जागरूक कर रही है।




