मर्डर कर निकाली बच्चे की किडनी-आंखें : जल्दी अमीर बनने की चाहत में रिश्तेदार बना हत्यारा, बाल्टी में छिपाए थे अंग

जशपुर। जशपुर जिले में 6 साल के पहाड़ी कोरवा मासूम की हत्या कर आंखें और किडनी निकलने के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। दरअसल, जल्दी और ज्यादा पैसा कमाने की चाह में एक युवक ने ऐसी खौफनाक वारदात को अंजाम दिया, जिसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया है। इस मामले में मासूम बच्चा जितेन्द्र राम के हत्या के मामले में पुलिस ने उसके ही रिश्तेदार को गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी बच्चे को बहलाकर अपने साथ ले गया, उसे शराब पिलाई और नशे में सो जाने के बाद चाकू से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद बच्चे के शरीर से किडनी, फेफड़े और आंखें निकालकर प्लास्टिक की बाल्टी में रख दिया। शव को कंबल और गोधड़ी में लपेटकर बोरी में भरा और खेत में पानी से भरे गड्ढे में दफना दिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से धारदार चाकू, फावड़ा, बाल्टी में रखे अंग और मोबाइल फोन जब्त किए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामला सन्ना थाना क्षेत्र का है।
7 नवंबर को लापता हुआ था मासूम
पुलिस के मुताबिक, रामजीत राम ने 7 नवंबर को सन्ना थाने में अपने 6 साल के बेटे जितेन्द्र राम के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। रामजीत करीब एक साल पहले अपने परिवार के साथ मजदूरी करने सन्ना आया था। परिवार आमटचुआ नदी डेम के पास बनी झोपड़ी में रहता था। आरोपी बासुदेव उर्फ टंगनू का उनके घर आना-जाना था। वह रिश्ते में रामजीत का ममेरा भाई लगता है। बच्चे के अचानक लापता होने के बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान एक व्यक्ति ने बताया कि, उसने जितेन्द्र को बासुदेव के साथ खेत में बनी झोपड़ी की ओर जाते देखा था। परिजनों ने आसपास के गांवों और खेतों में तलाश की, लेकिन बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला।
खेत में पानी से भरे गड्ढे में मिली बोरी
7 नवंबर की सुबह परिवार के लोग एक बार फिर बच्चे की तलाश में निकले। इसी दौरान सन्ना गांव के एक खेत में मक्का बाड़ी की मेड़ के पास पानी से भरे गड्ढे में एक बोरी दिखाई दी। बोरी खोलने पर उसके अंदर कंबल और गोधड़ी में लिपटा जितेन्द्र का शव मिला। शव को मिट्टी से दबाया गया था। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
सोशल मीडिया पर खोजता था जल्दी अमीर बनने के तरीके
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और संदेह के आधार पर बासुदेव उर्फ टंगनू (27) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, आरोपी करीब एक साल पहले मजदूरी करने सन्ना आया था। वह एक व्यक्ति के खेत में सब्जियां उगाने का काम करता था और वहीं बनी झोपड़ी में रहता था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मजदूरी से मिलने वाली रकम से संतुष्ट नहीं था। वह कम समय में ज्यादा पैसा कमाना चाहता था। इसके लिए सोशल मीडिया पर अलग-अलग तरीके खोजता रहता था। इसी दौरान उसके मन में बच्चों के शरीर के अंग निकालकर बेचने का विचार आया और उसने वारदात की साजिश रची।
हत्या से पहले बच्चे को पिलाई शराब
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने जितेन्द्र को बहलाकर गुलाम अंसारी के खेत में बनी झोपड़ी में ले गया। इसके बाद उसे महानदी डेम के पास सौर ऊर्जा प्लेट के नीचे और जंगल की ओर घुमाया। फिर सन्ना खुटाटांगर पहुंचकर शराब और मुर्गा खरीदा। आरोपी झोपड़ी में वापस लौटा और मुर्गा बनाया। उसने बच्चे को भी शराब पिलाई। जब मासूम नशे में सो गया, तब आरोपी ने चाकू से उसका गला रेतकर हत्या कर दी।
शरीर से अंग निकालकर बाल्टी में रखे
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने हत्या के बाद बच्चे के सीने और पेट को चाकू से काटकर किडनी, फेफड़े और आंखें निकाल लीं। इन अंगों को उसने प्लास्टिक की बाल्टी में रखा। इसके बाद शव को कंबल और गोधड़ी में लपेटकर बोरी में भरा और बहादुर के खेत में पानी से भरे गड्ढे में डालकर मिट्टी से दबा दिया। वारदात में इस्तेमाल चाकू, फावड़ा और अंगों से भरी बाल्टी को भी आरोपी ने बांस के झुरमुट के पास गड्ढा खोदकर छिपा दिया था।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मासूम का शव, हत्या में इस्तेमाल चाकू, फावड़ा, प्लास्टिक की बाल्टी में रखे अंग और आरोपी का मोबाइल फोन जब्त किया है। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस ने आरोपी बासुदेव उर्फ टंगनू (27), पिता अमृत, निवासी ग्राम चलनी गोर्रापाठ को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।




