छत्तीसगढ़

दिवाली पर साइबर ठगों का नया खेल : WhatsApp पर ग्रीटिंग कार्ड भेजकर खाली कर रहे बैंक खाता, पुलिस ने जारी की चेतावनी

रायपुर। दीपावली पर जहां बाजार रोशनी और खुशियों से जगमगा रहे हैं, वहीं साइबर ठगों ने भी लोगों की जेब पर सेंध लगाने की तैयारी कर ली है। त्योहार के मौके पर WhatsApp पर भेजे जा रहे शुभकामना संदेश, डिजिटल ग्रीटिंग कार्ड, फर्जी गिफ्ट ऑफर और आकर्षक डिस्काउंट लोगों के लिए साइबर ठगी का नया जरिया बन रहे हैं। एक अनजान लिंक पर क्लिक करना या APK फाइल डाउनलोड करना आपकी निजी जानकारी और बैंक खाते के लिए खतरा बन सकता है। बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए छत्तीसगढ़ पुलिस और साइबर सेल ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

साइबर ठग दीपावली की शुभकामनाओं का फायदा उठाकर WhatsApp, Telegram और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए लोगों को निशाना बना रहे हैं। लोगों को आकर्षक ग्रीटिंग कार्ड और शुभकामना संदेश के साथ APK फाइल भेजी जा रही है। कई बार ये संदेश किसी परिचित या रिश्तेदार के नाम से भी आ सकते हैं। लोग सामान्य शुभकामना संदेश समझकर इन फाइलों को डाउनलोड कर लेते हैं। लेकिन संदिग्ध APK फाइल मोबाइल में इंस्टॉल होते ही खतरनाक सॉफ्टवेयर का जरिया बन सकती है। इसके माध्यम से ठग मोबाइल में मौजूद फोटो, निजी जानकारियां, पासवर्ड और बैंकिंग विवरण तक पहुंचने की कोशिश कर सकते हैं।

See also  T20 World Cup ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा रैकेट पर कार्रवाई,1.80 लाख नकद के साथ आरोपी गिरफ्तार

फर्जी APK फाइल से बैंकिंग जानकारी चोरी होने का खतरा
साइबर पुलिस के अनुसार, अनजान स्रोत से डाउनलोड किए गए ऐप मोबाइल के महत्वपूर्ण एक्सेस की अनुमति मांग सकते हैं। इनकी मदद से साइबर अपराधी मोबाइल की गतिविधियों पर नजर रखने और बैंकिंग व UPI से जुड़ी जानकारियां हासिल करने की कोशिश कर सकते हैं। पुलिस ने सलाह दी है कि किसी भी अनजान नंबर से आई APK फाइल को डाउनलोड या इंस्टॉल न करें। अगर किसी परिचित के नाम से ऐसी फाइल आती है, तो पहले फोन करके उसकी पुष्टि जरूर करें।

सस्ते सामान और बंपर डिस्काउंट के नाम पर भी ठगी
त्योहारी सीजन में ऑनलाइन खरीदारी करने वाले लोग भी साइबर ठगों के निशाने पर हैं। अपराधी नामी कंपनियों और ब्रांड्स जैसी दिखने वाली फर्जी वेबसाइट तैयार कर रहे हैं। इन वेबसाइटों पर मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और घरेलू सामान बेहद कम कीमत पर उपलब्ध होने का दावा किया जाता है। भारी छूट और सस्ते सामान के लालच में लोग इन वेबसाइटों पर ऑनलाइन भुगतान कर देते हैं। इसके बाद न तो सामान की डिलीवरी होती है और न ही पैसे वापस मिलते हैं। ऐसे में किसी भी वेबसाइट पर खरीदारी या भुगतान करने से पहले उसकी विश्वसनीयता जांचना बेहद जरूरी है।

See also  CG केंद्रीय विद्यालय में छात्रा के पानी बाटल में मिला एसिड, जांच में जुटा स्कूल प्रबंधन

रायपुर से बिलासपुर तक साइबर ठगी का खतरा
साइबर ठग लकी ड्रॉ और महंगे उपहार जीतने के नाम पर भी लोगों को फंसा रहे हैं। लोगों को मैसेज भेजकर बताया जाता है कि उन्होंने कार, लैपटॉप या स्मार्टफोन जैसे महंगे इनाम जीते हैं। इनाम हासिल करने के लिए रजिस्ट्रेशन फीस, डिलीवरी चार्ज या अन्य शुल्क जमा करने को कहा जाता है। जैसे ही व्यक्ति इनाम के लालच में पैसे ट्रांसफर करता है, ठग संपर्क तोड़ देते हैं। इस तरह लोग इनाम तो हासिल नहीं कर पाते, बल्कि अपनी जमा पूंजी भी गंवा बैठते हैं। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग-भिलाई और राजनांदगांव सहित प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में त्योहारों, सरकारी योजनाओं और सब्सिडी के नाम पर साइबर ठगी की घटनाएं सामने आई हैं। फर्जी ऐप के जरिए मोबाइल तक अनधिकृत पहुंच बनाकर बैंक खातों से रकम निकालने के मामले भी चिंता बढ़ा रहे हैं। इसी को देखते हुए छत्तीसगढ़ पुलिस और साइबर सेल ने नागरिकों से डिजिटल लेनदेन के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

See also  कोयलीबेड़ा में ग्रामीणों का बड़ा प्रदर्शन : सड़क पर उतरे 68 गांव के लोग, कहा – क्षेत्र में शांति आई, अब सुविधाएं चाहिए

साइबर ठगी से बचने के लिए पुलिस की सलाह
पुलिस ने लोगों को कुछ जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी है-

  • अनजान नंबर से आई APK फाइल डाउनलोड या इंस्टॉल न करें।
  • संदिग्ध लिंक और ग्रीटिंग कार्ड को बिना जांचे न खोलें।
  • किसी के साथ अपना OTP, UPI PIN, पासवर्ड या बैंकिंग जानकारी साझा न करें।
  • भारी छूट और फर्जी गिफ्ट ऑफर के लालच में ऑनलाइन भुगतान न करें।
  • किसी भी वेबसाइट पर खरीदारी से पहले उसकी विश्वसनीयता जांचें।
  • परिचित के नाम से आए संदिग्ध संदेश की भी फोन करके पुष्टि करें।

साइबर ठगी होने पर 1930 पर करें शिकायत
अगर कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाता है, तो उसे बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए। इसके अलावा आधिकारिक साइबर अपराध पोर्टल पर भी ऑनलाइन शिकायत की जा सकती है। पुलिस का कहना है कि त्योहार की खुशियों के बीच डिजिटल सुरक्षा को नजरअंदाज न करें। थोड़ी सी सतर्कता आपको साइबर अपराधियों के जाल और बड़े आर्थिक नुकसान से बचा सकती है।

Related Articles

Leave a Reply