छत्तीसगढ़

छठ महापर्व का समापन : 36 घंटे की कठिन साधना पूरी, सूर्यदेव को अर्घ्य देकर व्रतियों ने मांगी परिवार की खुशहाली

लोकआस्था, समर्पण और सूर्य उपासना के महापर्व छठ का सोमवार सुबह श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ समापन हुआ। शहर के रुद्री स्थित रुद्रेश्वर महादेव घाट और आमातालाब में अलसुबह से ही व्रती परिवारों और श्रद्धालुओं का जुटना शुरू हो गया था। सुबह पांच बजे से घाटों पर छठी मैया के जयकारे और छठ गीत गूंजने लगे। कड़ाके की ठंड के बीच व्रती महिलाएं और पुरुष महानदी एवं आमातालाब के ठंडे जल में कंधे तक खड़े होकर भगवान सूर्यदेव के उदय होने की प्रतीक्षा करते रहे।

सुबह करीब 6:30 बजे सूर्यदेव के दर्शन होते ही श्रद्धालुओं ने अर्घ्य अर्पित कर फल-फूल और पूजन सामग्री चढ़ाई तथा परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्यता और खुशहाली की कामना की। दोनों जलाशयों के घाटों पर आस्था और भक्ति का अनुपम दृश्य देखने को मिला। छठ महापर्व के अंतिम दिन की पूजा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह रहा। सुबह अंधेरा रहते ही व्रती पारंपरिक पूजा सामग्री, फल और प्रसाद से सजी टोकरियां लेकर घाट पहुंचने लगे थे। 36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत की साधना पूरी करते हुए महिलाओं और पुरुषों ने जल में खड़े होकर उगते सूर्य की प्रतीक्षा की। सूर्योदय होते ही पूरे विधि-विधान से अर्घ्य देकर सूर्यदेव की आराधना की गई। इसके साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व की धार्मिक परंपराओं का समापन हुआ।

See also  भूपेश बघेल के घर ED की रेड, शराब घोटाले पर एक्शन; बेटे से पूछताछ जारी 

रुद्री स्थित रुद्रेश्वर महादेव घाट पर छठ पूजा के अंतिम दिन भी विशेष उत्साह देखने को मिला। सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करने के बाद यहां 108 दीपों से सामूहिक आरती की गई। दीपों की जगमगाती रोशनी और सामूहिक आरती ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। इसके पश्चात श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया गया।

इस अवसर पर त्रिभुवन सिंह राजपूत, पंडित संतोष तिवारी, उत्तम गोस्वामी, शोभा साहू, रविंद्र कुमार गुप्ता, विजय सिंह, विनोद चौधरी, प्रदीप सिंह, राजू गुप्ता, रामभवन कुशवाहा, अरुण गुप्ता, मोनू कुशवाहा, राजू भालेकर, अमित सिंह, कृष्ण कन्हैया सिंह और गोपाल सिंह उपस्थित थे। महापौर रामू रोहरा एवं राजेंद्र शर्मा ने भी घाट पहुंचकर पूजा-अर्चना की और श्रद्धालुओं के साथ छठ महापर्व में सहभागिता निभाई।

Related Articles

Leave a Reply