जांजगीर में महिला के घर घुसकर मारपीट और जेवरात चोरी, पुलिस ने जारी किया संदिग्ध का स्केच

जांजगीर-चांपा। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में घर में घुसकर एक महिला के साथ मारपीट और सोने-चांदी के जेवरात चोरी करने का मामला सामने आया है। घटना 12 नवंबर 2026 की बताई जा रही है। वारदात के समय महिला घर में अकेली थी। इसी दौरान दो अज्ञात नकाबपोश व्यक्ति जबरन घर में घुसे और महिला के साथ मारपीट कर अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर फरार हो गए।
घटना के दौरान बदमाशों से बचने की कोशिश में महिला ने भागते समय एक आरोपी का नकाब खींच लिया था। इससे महिला उसका चेहरा देख सकी। महिला ने आरोपी को पहचानने की बात भी कही है। पुलिस ने महिला द्वारा बताए गए हुलिए और उसकी निशानदेही के आधार पर संदिग्ध आरोपी का स्केच तैयार कराया है।
अब पुलिस इस स्केच के माध्यम से आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि स्केच में दिखाए गए हुलिए का कोई व्यक्ति कहीं दिखाई दे या उसके संबंध में कोई जानकारी मिले, तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।
सूचना देने के लिए कोतवाली थाना के मोबाइल नंबर 9907821111 और पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 9479193199 पर संपर्क किया जा सकता है।
पुलिस का कहना है कि आम नागरिकों की छोटी-सी सूचना भी आरोपियों की पहचान और मामले के खुलासे में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। जनसहयोग से अपराधियों तक पहुंचने की अपील की गई है।




