छत्तीसगढ़

खेत में मिला नर कंकाल, पास पड़ी घड़ी देखकर बड़ा भाई फफक पड़ा, पुलिस को आशंका लापता इंजीनियर के साथ हुई अनहोनी

दुर्ग

जिले के चंदखुरी भाठा में पुलिस को एक नर कंकाल मिला है। पुलिस आशंका जता रही है कि यह एक माह से लापता इंजीनियर किसान शिवांग चंद्राकर का नर कंकाल हो सकता है। हालांकि पुलिस यह भी कह रही है डीएनए टेस्ट के बाद ही स्पष्ट पहचान हो सकेगी। इधर घटना स्थल पर मिली घड़ी से परिजन भी शशांक का ही कंकाल होने की आशंका जता रहे हैं। बुधवार को चंदखुरी भाठा नाला के पास एक खार में नर कंकाल को दो महिलाओं ने देखा। उन्होंने इसकी जानकारी गांव में दी। इसके बाद इसकी जानकारी पुलगांव थाना पुलिस को हुई।

थानेदार नरेश पटेल अपनी टीम के साथ मौके पर गए। कुछ ही देर में एएसपी संजय धु्रव, दुर्ग सीएसपी जितेन्द्र यादव, फॉरेंसिक एक्सपर्ट मोहन पटेल भी घटना स्थल पर पहुंचे। मौका मुआयना के बाद पूरे कंकाल को एक सफेद कपड़े में एकत्र किया गया। इसमें नर मुंड, हाथ से लेकर अन्य पाटर््स मिले हैं। साथ ही मौके पर एक घड़ी, बेल्ट और मटमैला कपड़ा भी मिला है। एक माह से लापता मरोदा सेक्टर जे पॉकेट -10 निवासी शिवांग चंद्राकर (28 वर्ष) के कंकाल की आशंका जताते हुए पुलिस ने उनके परिजनों को बुलाया। पुलिस ने बताया कि शिवांग का बड़ा भाई धर्मेन्द्र चंद्राकर मौके पर पहुंचा। उनसे पहचान कराई गई। उन्होंंने मौके पर मिली घड़ी शिवांग की होने की जानकारी दी है।

घटना स्थल पर पुलिस को पूरी बॉडी के कंकाल नहीं मिले। तब पुलिस ने बैकहोलोडर बुलवाया। करीब 20 फीट के क्षेत्र में खुदाई कराई गई, लेकिन पुलिस के हाथ कुछ नहीं लगा। फिर खार में जो कंकाल मिले। उसी को पुलिस ने डीएनए टेस्ट कराने के लिए रायपुर मेडिकल कॉलेज भेज दिया।

6 दिसम्बर की शाम करीब 7 बजे शिवांग चंद्राकर अपने चंदखुरी फार्म हाउस से लैपटाप का बैग लेकर बाइक से निकला था। लेकिन वह घर नहीं पहुंचा। दूसरे दिन उसकी बाइक एक खार में पड़ी मिली। तब परिजनों ने शिवांग की गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस खोजबीन शुरू की। पुलिस को शिवांग का बीच-बीच में मोबाइल बंद और चालू मिलता रहा। लेकिन पुलिस अब तक शिवांग के लोकेशन तक नहीं पहुंच सकी। इसके लिए पुलिस अधीक्षक ने 50 हजार रुपए का इनाम का ऐलान किया। ओपी पाल, आईजी दुर्ग रेंज ने कहा कि चंदखुरी भाठा के खार में एक नर कंकाल मिला है। वहीं पर एक घड़ी मिली है। ऐसी घड़ी शिवांग पहनता था। इससे आशंका जताई जा रही है नर कंकाल उसी का हो सकता है। लेकिन जब तक डीएनए रिपोर्ट नहीं आती तब तक कुछ भी कहना सही नहीं है।

Related Articles

Leave a Reply