छत्तीसगढ़ में भीषण सड़क हादसा: हाईवे पर खड़े ट्रक से भिड़ी यात्री बस, 3 की मौत; 8-10 यात्री घायल

बलौदाबाजार जिले में सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। सिमगा क्षेत्र में ग्राम दरचुरा के पास बिलासपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर यात्रियों से भरी बस सड़क किनारे खड़े खराब ट्रक से जा भिड़ी। हादसा इतना गंभीर था कि बस में सवार तीन लोगों की मौत की सूचना है, जबकि 8 से 10 यात्रियों के घायल होने की आशंका जताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अंबिकापुर से रायपुर की ओर जा रही रॉयल कंपनी की यात्री बस (CG 04 NM 0859) ग्राम दरचुरा से पहले स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास सड़क पर खड़े खराब ट्रक से पीछे से टकरा गई। दुर्घटना के समय बस में करीब 22 यात्री सवार थे।
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। टक्कर के बाद बस में फंसे घायलों को बाहर निकालने के लिए गैस कटर की मदद ली गई। इसके बाद घायलों को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल सिमगा भेजने की व्यवस्था की गई।
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। हादसे में जान गंवाने वालों और घायलों की पहचान सहित अन्य विस्तृत जानकारी सामने आना अभी बाकी है। title




