छत्तीसगढ़जांजगीर चांपा

डबल मर्डर का खुलासा, दस लाख रुपये के लेनदेन में शराब में सुहागा मिलाकर पार्षद समेत दो लोगों की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में दो लोगों की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, ग्राम पनगांव निवासी राजा उर्फ कमलनाथ खरे ने दस लाख रुपये के लेनदेन को लेकर जोहित खरे और रामखिलावन जांगड़े की हत्या की साजिश रची थी। आरोप है कि आरोपी ने शराब में सुहागा मिलाकर दोनों को पिला दिया, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पूरा मामला 23 अक्टूबर की रात का है, जब ग्राम कुटराबोड़ हेलीपैड के पास एक चखना दुकान में शराब पीने के बाद जोहित खरे और रामखिलावन जांगड़े की तबीयत बिगड़ गई। दोनों को बिलासपुर के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां 24 अक्टूबर को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

See also  डोंगरगढ़ में हादसा : पिकअप और बाइक में टक्कर, मां बम्लेश्वरी के दर्शन कर लौट रहे 2 युवकों की मौत

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जहर दिए जाने की जानकारी सामने आने के बाद पामगढ़ पुलिस ने जांच शुरू की। मृतक जोहित खरे की बेटी मनीषा खरे की रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी राजा खरे ने करीब चार महीने पहले उनके पिता से दस लाख रुपये उधार लिए थे। पैसे वापस मांगने पर चेक भी दिए गए, लेकिन वे बाउंस हो गए थे।

पुलिस के अनुसार, इसी लेनदेन से परेशान होकर आरोपी ने हत्या की योजना बनाई और शराब में सुहागा मिलाकर दोनों को पिला दिया। मामले में साइबर तकनीकी साक्ष्यों, गवाहों के बयान और घटनास्थल के पुनर्निर्माण के आधार पर जांच की गई। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने शराब की खाली बोतल और सुहागा की पुड़िया भी जब्त की है। फिलहाल, पुलिस ने आरोपी राजा उर्फ कमलनाथ खरे को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

See also  जांजगीर चाम्पा - निगरानी बदमाश सतीश यादव उर्फ बाटा होगा जिला बदर, कलेक्टर को भेजा गया प्रतिवेदन

Related Articles

Leave a Reply