हसदेव नदी के गेमन पुल से अज्ञात व्यक्ति ने लगाई छलांग, स्कूटी बरामद जांच में जुटी जांजगीर पुलिस

जांजगीर सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत हसदेव नदी के गेमन पुल से अज्ञात व्यक्ति द्वारा नदी में छलांग लगाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। घटना के बाद पुल पर एक स्कूटी लावारिस हालत में खड़ी मिली है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुल से छलांग लगाने की सूचना मिलते ही पुलिस और आपदा प्रबंधन दल को अवगत कराया गया। मौके पर पहुंची डीडीआरएफ की टीम सुबह से ही लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई है और नदी में युवक की तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, पुल पर मिली स्कूटी में नंबर प्लेट नहीं लगी है, जिससे व्यक्ति की पहचान करने में परेशानी आ रही है। वाहन के दस्तावेजों और अन्य सुरागों के आधार पर युवक की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। आसपास के क्षेत्रों में भी पूछताछ की जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मामला आत्महत्या का है या किसी अन्य कारण से युवक ने छलांग लगाई है।
फिलहाल, रेस्क्यू टीम द्वारा लगातार खोज अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को इस व्यक्ति के संबंध में कोई जानकारी हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।




