जांजगीर में स्वाइन फ्लू के बाद स्क्रब टाइफस का कहर: तुसमा के युवक ने बिलासपुर में तोड़ा दम, 5 मरीज भर्ती

जांजगीर-चांपा। जिले में स्वाइन फ्लू से एक व्यक्ति की मौत के बाद अब स्क्रब टाइफस ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। स्क्रब टाइफस की चपेट में आने के बाद शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के तुसमा निवासी 25 वर्षीय युवक की बिलासपुर के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। युवक ने शनिवार 19 सितंबर को दम तोड़ा। वर्तमान में जिला अस्पताल में पांच मरीज भर्ती हैं।
जानकारी के अनुसार तुसमा निवासी 25 वर्षीय युवक को 17 सितंबर को तेज बुखार आया था। इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। परिजनों ने उसे उपचार के लिए पहले शिवरीनारायण के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन हालत में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर उसे बिलासपुर के निजी अस्पताल ले जाया गया।
वहां उपचार के दौरान शनिवार को उसकी मौत हो गई। युवक की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्र में बीमारी की स्थिति की निगरानी बढ़ा दी है।
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार जिले में पिछले एक माह में सरकारी और निजी अस्पतालों को मिलाकर करीब 40 से 45 मरीज स्क्रब टाइफस के लक्षणों के साथ उपचार के लिए पहुंचे हैं। इनमें बड़ी संख्या में मरीजों ने निजी अस्पतालों में इलाज कराया है। कई मरीजों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद जिला अस्पताल में भी स्क्रब टाइफस के मरीजों की संख्या बढ़ी है। बीमारी के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी और जांच की प्रक्रिया तेज कर दी है।




