संजय मार्केट में दर्दनाक हादसा : करंट की चपेट में आया 16 वर्षीय युवक, CCTV में कैद हुई मौत की घटना

जगदलपुर। शहर के संजय मार्केट में शनिवार 19 सितंबर को सुबह एक दर्दनाक हादसे में 16 वर्षीय युवक की जान चली गई। युवक यहां दोसा सेंटर लगाता था। रोजाना की तरह दुकान खोलने पहुंचे युवक की करंट की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की पूरी घटना वहां लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
जानकारी के मुताबिक, युवक सुबह करीब 7:30 बजे अपना दोसा सेंटर खोलने संजय मार्केट पहुंचा था। दुकान की साफ-सफाई करने के बाद वह ठेले के ऊपर चढ़कर उस पर लगी झिल्ली को ठीक कर रहा था। इसी दौरान वह पास में मौजूद कटे हुए बिजली के तार के संपर्क में आ गया।
बिजली के तार के संपर्क में आते ही युवक जोरदार करंट की चपेट में आ गया। घटना इतनी अचानक हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही युवक की हालत गंभीर हो गई और उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने पुलिस और युवक के परिजनों को सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम और परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा की कार्रवाई शुरू की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की।
बताया जा रहा है कि युवक के परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। वहीं, हादसे का CCTV फुटेज सामने आने के बाद घटना की भयावहता साफ दिखाई दे रही है। इस दर्दनाक घटना के बाद संजय मार्केट में शोक का माहौल है।




