रतनपुर में सड़क हादसा : रफ्तार से आ रही बाइक डिवाइडर से टकराई, फॉरेस्ट कर्मी की मौके पर मौत

कोटा। छत्तीसगढ़ के कोटा क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। रतनपुर के रैनपुर के पास तेज रफ्तार और लापरवाही के चलते बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई, जिससे फॉरेस्ट विभाग में पदस्थ कर्मी अमरनाथ पटेल की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही इलाके में शोक की लहर फैल गई।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक अमरनाथ पटेल हरदी बाजार के निवासी थे और वर्तमान में गुरसिया में पदस्थ थे। बताया जा रहा है कि, वे शासकीय कार्य से लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया। हादसे के दौरान उन्होंने हेलमेट नहीं पहना था, जिससे सिर में गंभीर चोट आई और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
वहीं, बाइक पर सवार उनका एक साथी युवक भी हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।




