
बिलासपुर। बिलासपुर जिले के चकरभाठा थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर पालिका बोदरी के बैराग तालाब में नहाने के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए तालाब में उतरे तीन भाइयों में से एक 18 वर्षीय युवक की पानी में डूबने से मौत हो गई। वहीं, उसे बचाने की कोशिश में गहरे पानी में फंसे दो अन्य भाइयों को स्थानीय लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और मर्ग कायम कर मामले की जाँच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम अमसेना निवासी 18 वर्षीय हिमांशु कौशिक अपने भाई वैभव कौशिक और चचेरे भाई शिवांश कौशिक के साथ बोदरी आया हुआ था। यहाँ वार्ड क्रमांक 7 में उनके पिता प्रभात कौशिक का एक मकान निर्माणाधीन है, जहाँ वे काम करवा रहे थे। दोपहर के वक्त तीनों भाई पिता के लिए टिफिन छोड़ने आए थे। टिफिन देने के बाद भीषण गर्मी और उमस से राहत पाने के लिए तीनों युवक पास ही स्थित बैराग तालाब में नहाने चले गए। नहाने के दौरान हिमांशु अचानक तालाब के उस हिस्से में चला गया जहाँ पानी बेहद गहरा था। गहराई का अंदाजा न होने के कारण हिमांशु पानी में डूबने लगा। उसे छटपटाता देख वैभव और शिवांश ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वे दोनों भी उसी गहरे पानी के भंवर में फंस गए।
तालाब के घाट और आसपास मौजूद लोगों ने जब युवकों को डूबते और मदद के लिए चिल्लाते देखा, तो उन्होंने बिना वक्त गंवाए तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। स्थानीय ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए पानी में छलांग लगाई और काफी मशक्कत के बाद तीनों को बाहर निकाला। तीनों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद हिमांशु कौशिक को मृत घोषित कर दिया, जबकि वक्त रहते बाहर निकाले गए वैभव और शिवांश की हालत अब सामान्य और खतरे से बाहर बताई जा रही है।




