जांजगीर-चांपा में भीषण हादसा : भारतमाला सड़क पर रफ्तार से आ रही वाहन ने 3 ग्रामीणों को कुचला, मौके पर ही मौत

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में भारतमाला सड़क पर रविवार को दर्दनाक सड़क हादसे में तीन ग्रामीणों की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार अज्ञात भारी वाहन ने पैदल जा रहे ग्रामीणों को अपनी चपेट में ले लिया और हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, बलौदा थाना क्षेत्र अंतर्गत कोरबी के पास भारतमाला सड़क पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार अज्ञात भारी वाहन ने पैदल चल रहे तीन ग्रामीणों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि, तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि, तीनों ग्रामीण मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। यह पूरी घटना बलौदा थाना क्षेत्र के ग्राम डोंगरी-कोरबी से गुजरने वाली भारतमाला रोड पर हुई है।
गौरतलब है कि, सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच हादसा हुआ। मृतकों की पहचान डोंगरी-कोरबी के रहने वाले दिलहरण दास वैष्णव (62), केदार यादव (52) और संतु यादव (70) के रूप में हुई है। बता दें कि, तीनों अच्छे दोस्त थे और दिलहरण वैष्णव सेवा सहकारी समिति से ब्रांच मैनेजर के पद से रिटायर हुए थे। डोंगरी के रहने वाले केदार यादव खेती-किसानी का काम करते थे। कोरबी निवासी संतु यादव भी किसानी का काम करते थे। सभी अपने घर से 2 किलोमीटर की दूरी पर घूमने निकले थे। तीनों के शव 5-10 मीटर की दूरी में सड़क पर पड़े हुए थे।
वहीं हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही बलौदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल, पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरे खंगाले रही है, ताकि वाहन की पहचान हो सके।




