भिलाई में चुनरी यात्रा पर 2 समुदाय के बीच मारपीट, चाकू से मारा, 6 घायल

दुर्ग। जिले के भिलाई में नवरात्रि पर निकली माता की चुनरी यात्रा के दौरान 2 समुदाय में मारपीट हो गई। शनिवार (27 सितंबर) शाम चटाई पारा स्थित शीतला मंदिर से यात्रा निकली थी। आरोप है कि जब यात्रा शारदा पारा पहुंची तो कुछ बच्चों ने गाली गलौज की, जिसके बाद सांप्रदायिक झगड़े में बदल गया।
मामला छावनी थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है बच्चों से विवाद शुरू हुआ था, इसमें बड़े भी शामिल हो गए। दोनों पक्ष के 6 लोगों को चोट आई है। चुनरी यात्रा में शामिल लोगों ने चाकू से मारने का आरोप लगाया वहीं शारदा पारा के लोगों ने बांस, पाइप पत्थर से मारने का आरोप लगाया।
मामला इतना बढ़ गया कि आधी रात बजरंग दल समेत चुनरी यात्रा के लोगों ने थाने का घेराव कर दिया। जिसके बाद फोर्स तैनात करना पड़ा। थाने के चारों तरफ CF के जवानों की तैनाती कर दी गई। जिसके बाद शारदा पारा के रहने वाले 2 आरोपियों पर मामला दर्ज हुआ है।
घटना करीब 8 बजे रात की है। नवरात्रि की पंचमी के अवसर पर सोनकर समाज ने चुनरी यात्रा निकाली थी। यात्रा शीतला मंदिर से होते हुए जब गायत्री मंदिर के पास पहुंची तो यहां पर पीछे की तरफ बच्चे प्रसाद बांट रहे थे। चुनरी यात्रा आगे निकल चुकी थी।
विवाद पीछे की ओर हुआ। बच्चों के बीच गाली-गलौज से मामला शुरू हुआ। लेकिन इसमें बड़े लोग भी शामिल हो गए। विवाद बढ़ता देख मारपीट और चाकूबाजी भी हो गई। इस घटना में मुकेश सोनकर, आकाश सोनकर, कमल सोनकर और उमेश सोनकर को चोट लगी है। घायलों में राष्ट्रीय बजरंग दल के प्रदेश महामंत्री मुकेश सोनकर भी शामिल हैं।
हिंदू संगठन और चुनरी यात्रा में शामिल समाज के लोगों ने आरोप लगाया है कि चुनरी यात्रा के दौरान पत्थरबाजी भी की गई है। हालांकि पुलिस ने इस मामले की पुष्टि नहीं की है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंची और आरोपियों को गिरफ्तार किया और थाने लेकर आ गई।
बजरंग दल के अन्य कार्यकर्ता दुर्ग में आयोजित कार्यक्रम से भिलाई में निकली चुनरी यात्रा में शामिल होने के लिए पहुंच रहे थे। जब बाकी पदाधिकारी शारदा पारा पहुंचे तो उस वक्त यहां पर विवाद चल रहा था।
देखते ही देखते बच्चों की लड़ाई सांप्रदायिक तनाव में बदल गई। बजरंग दल के सभी पदाधिकारी और समाज के लोग आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर छावनी थाने का घेराव कर दिया। रात के 12.30 बजे तक थाना परिसर में बजरंग दल और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा रही है।
राष्ट्रीय बजरंग दल ने इस मामले में कहा कि नवरात्रि को लेकर हमारी ओर से शस्त्रपूजन, कन्या पूजन और चुनरी यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। जैसे हम कार्यक्रम में पहुंचे तो कार्यक्रम में विवाद शुरू हो गया। हमारे महामंत्री को गहरी चोट आई है। खंजर के द्वारा हमला किया गया है।
चार लोग हमला किए हैं। हथियारों के साथ ये तैनात थे। सोनकर समाज की रैली थी। पार्षद गफ्फार कार्यालय के सामने ये घटना हुई है। उनके क्षेत्र में लगातार अपराधियों को संरक्षण मिलता है। हिंदू समाज की रैलियों पर इस तरह की घटनाएं हो रही है।
यहां पर बांग्लादेशी घुसपैठिए हैं। बाहर के लोग आकर वोट करते हैं। इनका यहां पर मतदाता सूची में नाम तक नहीं है। फर्जी वोटर कार्ड बनाकर यहां पर लोग रह रहे हैं। प्रशासन को घटना की पूरी जानकारी दी गई है और उन पर तत्काल कार्रवाई की मांग की गई है।



