
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से इस वक्त एक बड़ी खबर सामने आई है। टिकरापारा थाना क्षेत्र के संजय नगर स्थित मस्जिद के पास एक घर में एक ही परिवार के चार लोगों का शव मिला है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है। बताया जा रहा है चारों ने आत्महत्या की है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, परिवार के सभी सदस्यों ने जहर खाकर आत्महत्या की है। मृतकों में परिवार के मुखिया साजिद अली, उनकी पत्नी और दो बेटियां शामिल हैं। वहीं घटना की सूचना मिलते ही टिकरापारा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और पूरे घर को सील कर दिया। मामले की जांच के लिए एफएसएल की टीम को बुलाया गया है। एफएसएल की टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में जुटी हुई है।

टिकरापारा थाना प्रभारी राजेश मराई ने बताया कि घटना संजय नगर के मदनी चौक की है। सभी एक ही परिवार के सदस्य थे। वे किराए के मकान में रहते थे। आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है। चार लोग थे या पांच, इसकी भी जांच की जा रही है। एफएसएल की टीम मौके पर जांच कर रही है। आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना टिकरापारा क्षेत्र के मदनी चौक, संजय नगर में साजिद अली (50 वर्ष), उनकी पत्नी राबिया और तीन बच्चों—इरशाद अली, शाहिदा बेगम एवं इरशाबा परवीन के मृत पाए जाने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में साजिद अली का शव फांसी पर लटका मिला, जबकि पत्नी एवं तीनों बच्चों की मृत्यु विषाक्त पदार्थ सेवन से होना प्रतीत हो रही है। एफएसएल टीम द्वारा घटनास्थल की जांच की जा रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा,मर्ग कायम कर मामले के सभी पहलुओं की विस्तृत विवेचना की जा रही है।




