शिवरीनारायण में महानदी उफान पर, पुल को छू कर बह रहा पानी – प्रशासन अलर्ट

निचले इलाकों में मुनादी, DDRF/ नगरसेना बचाव दल तैनात, आपदा से निपटने मुस्तैद रहा अमला
जांजगीर-चाम्पा : जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण शिवरीनारायण स्थित महानदी खतरे के निशान की ओर बढ़ रही है। नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने से शिवरीनारायण का ऐतिहासिक पुल को छू कर बाढ़ का पानी बह रहा है।
स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने नदी के निचले हिस्से, डूबान क्षेत्र और प्रभावित गांवों जिनमे पामगढ़ ब्लॉक के ग्राम खरगहनी, देवर घटा, तनोद, खुर्सी तथा सिंघुल (शिवरीनारायण) सहित अन्य प्रभावित ग्रामों में मुनादी करवा दी है। ग्रामीणों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की गई है, ताकि नदी का जलस्तर और बढ़ने पर किसी प्रकार की जनहानि न हो।

DDRF, नगर सेना बचाव दल की टीम भी नदी के बढ़ते जलस्तर पर लगातार नजर बनाए हुए है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए टीम को स्टैंडबाय पर रखा गया है।
इधर जिला प्रशासन का अमला भी पूरी तरह मुस्तैद है। राजस्व, पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमों को निचले इलाकों में गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने कहा कि स्थिति पर 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे तक और बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से नदी किनारे न जाने और पुल पर भीड़ न लगाने की अपील की है।




