छत्तीसगढ़जांजगीर चांपा

बिजली दरों में बढ़ोतरी और स्मार्ट मीटर के खिलाफ कांग्रेस का बड़ा आंदोलन, अगस्त से प्रदेशभर में चलेगा अभियान

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ में बिजली दरों में बढ़ोतरी और स्मार्ट मीटर के मुद्दे पर कांग्रेस ने राज्य सरकार के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान किया है। जांजगीर-चांपा में आयोजित पत्रकार वार्ता में जिला कांग्रेस कमेटी ने घोषणा की कि अगस्त माह से प्रदेशभर में स्मार्ट मीटर हटाने और बढ़ी हुई बिजली दरें वापस लेने की मांग को लेकर व्यापक जनअभियान शुरू किया जाएगा।

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने बताया कि कांग्रेस कार्यकर्ता अगले दो महीनों तक घर-घर जाकर लोगों से आवेदन भरवाएंगे। इन आवेदनों में स्मार्ट मीटर हटाने और बिजली की बढ़ी हुई दरों को वापस लेने की मांग की जाएगी। अभियान के दूसरे चरण में जिला मुख्यालय स्थित बिजली कार्यालयों का घेराव कर एकत्रित आवेदन अधिकारियों को सौंपे जाएंगे और उनकी पावती ली जाएगी। इसके बाद अंतिम चरण में मुख्यमंत्री निवास का घेराव कर जनता की मांग सरकार के समक्ष रखी जाएगी।

वहीं जांजगीर-चांपा विधायक व्यास कश्यप ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने जुलाई से घरेलू, गैर-घरेलू और कृषि उपभोक्ताओं की बिजली दरों में फिर वृद्धि की है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार बनने के बाद अब तक पांच बार बिजली की दरें बढ़ाई जा चुकी हैं। विधायक ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना लागू थी, जिससे आम उपभोक्ताओं को राहत मिलती थी।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद कई उपभोक्ताओं के बिजली बिल तीन से चार गुना तक बढ़कर आ रहे हैं। पार्टी का कहना है कि कई मामलों में उपभोक्ताओं की सहमति के बिना अनुबंध भार बढ़ाया जा रहा है और अतिरिक्त शुल्क वसूला जा रहा है। कांग्रेस ने सरकार से बिजली दरों में बढ़ोतरी वापस लेने, स्मार्ट मीटर हटाने तथा 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना को दोबारा लागू करने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply