अकलतरा: उधारी के रुपए को लेकर दो भाइयों ने युवक से मारपीट की

अकलतरा
थाना अकलतरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम फरहदा में उधारी के रुपए को लेकर हुए विवाद में दो भाइयों ने एक युवक की मारपीट कर दी। पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रार्थी भूषण लाल खूटे पिता दयाराम खूटे, उम्र 45 वर्ष, निवासी फरहदा ने रिपोर्ट में बताया कि उसने गांव के एक व्यक्ति से 200 रुपए उधार लिए थे। जब उधार देने वाले ने रुपए मांगे तो उसने 200 रुपए वापस कर दिए। इस पर उधार देने वाले ने 500 रुपए की मांग की। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस होने लगी।
बहस की आवाज सुनकर उधार देने वाले के दो भतीजे नंदराज केवट और नंदकुमार केवट मौके पर पहुंचे। आते ही उन्होंने “मेरे चाचा को मार रहे हो” कहकर भूषण लाल के साथ हाथ और रॉड से मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में भूषण लाल के होंठ और ठोड़ी से खून निकल आया।
घटना को देखकर आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर उसे छुड़ाया और घर पहुंचाया। इसके बाद भूषण लाल ने अकलतरा थाने पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट पर अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।




