आरक्षक की अफसर बेटी 1.5 लाख की घूस लेने के मामले में निलंबित, CGPSC-2021 में मिली थी 21वीं रैंक

रायपुर: सामान्य आर्थिक परिस्थितियों के बीच पढ़ाई कर सीजीपीएससी में 21वीं रैंक हासिल करने वाली अंचला गिरी ने सरकारी अफसर बनने का सपना पूरा किया था। लेकिन जीएसटी सहायक आयुक्त बनने के बाद कांकेर में डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत लेते एसीबी के ट्रैप में गिरफ्तारी और निलंबन ने उनकी उपलब्धियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
दिलचस्प यह भी है कि सीजीपीएससी भर्ती घोटाले के आरोपी टामन सिंह सोनवानी के कार्यकाल में हुई 2021-22 की भर्ती प्रक्रिया के दौरान अंचला गिरी का चयन आयकर विभाग में लेखा अधिकारी के पद पर हुआ था। बाद में वह जीएसटी विभाग में सहायक आयुक्त बनीं। हालांकि, उनके चयन में किसी अनियमितता की पुष्टि अभी नहीं हुई है।
मूलत: अंबिकापुर की रहने वाली अंचला के पिता अजय गिरी आबकारी विभाग में आरक्षक हैं और मां आंगनबाड़ी कार्यकर्ता। उनके एक चाचा सरगुजा विश्वविद्यालय में संविदा कर्मचारी हैं, जबकि छोटे चाचा पान ठेला संचालित करते हैं। सीमित संसाधनों के बीच प्रतियोगी परीक्षा में सफलता हासिल करना परिवार के लिए बड़ी उपलब्धि थी, लेकिन रिश्वतखोरी के आरोपों ने इस सफलता की चमक फीकी कर दी।
सूत्रों के अनुसार, कुछ महीने पहले ही अंचला का रायपुर से कांकेर तबादला हुआ था। आरोप है कि इसके बाद वह निर्धारित अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर वाहनों की जांच कर रही थीं। जगदलपुर डिवीजन में ई-वे बिल जांच के लिए नौ नंबर की अलग टीम गठित है। इसमें डीसी शंकर सिंह जानसन, एसटीओ रिपुदमन चंद्रा सहित अन्य कर्मचारी शामिल हैं। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि अंचला की कथित गतिविधियों की जानकारी इस टीम को क्यों नहीं हुई।
- विभागीय सूत्रों के मुताबिक, इसी साल रायपुर में पदस्थापना के दौरान भी उनके खिलाफ लेनदेन की शिकायत मंत्री और विभागीय आयुक्त तक पहुंची थी। तब समझाइश देकर मामला शांत करा दिया था। कांकेर में तीन लाख रुपये के कबाड़ से भरे वाहन को छोड़ने के एवज में दो लाख रुपये मांगने का आरोप है।
- शिकायतकर्ता कबाड़ कारोबारी शोएब रंगरेज की शिकायत पर शनिवार को एसीबी ने ट्रैप किया। डेढ़ लाख रुपये घर पर घूस लेते समय अंचला ने कथित तौर पर नोट नाली में फेंक दिए थे। एसीबी ने रकम बरामद कर उन्हें और बिचौलिए सीए इमरान मेमन को गिरफ्तार कर लिया।




