छत्तीसगढ़जांजगीर चांपा

स्वतंत्रता दिवस समारोह की फुल ड्रेस रिहर्सल संपन्न, कलेक्टर-एसपी ने परेड और सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

जांजगीर-चांपा जिला मुख्यालय में स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। शासकीय हाई स्कूल मैदान में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय समारोह को लेकर मंगलवार को फुल ड्रेस रिहर्सल आयोजित की गई। इस दौरान कलेक्टर जन्मेजय महोबे और पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने समारोह स्थल पहुंचकर परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और सुरक्षा सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।



फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर ने मुख्य अतिथि की भूमिका निभाई। उन्होंने ध्वजारोहण कर परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली। इसके बाद परेड कमांडरों से परिचय प्राप्त किया गया। पूरी रिहर्सल निर्धारित मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुसार कराई गई, जिसमें पुलिस बल, विभिन्न सशस्त्र दस्तों और स्कूली विद्यार्थियों ने अनुशासन के साथ हिस्सा लिया।

अंतिम रिहर्सल के दौरान कलेक्टर और एसपी ने समारोह स्थल की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। मुख्य मंच और बैठक व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सुरक्षा इंतजाम, पार्किंग व्यवस्था के साथ प्रवेश और निकासी मार्गों का जायजा लिया गया। अधिकारियों को समारोह के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत तिरंगा प्रतिज्ञा भी दिलाई। स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर प्रशासन द्वारा सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्रीमती स्निग्धा तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उदयन बेहार, संयुक्त कलेक्टर संदीप सिंह ठाकुर, एसडीएम जांजगीर सुब्रत प्रधान सहित जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। वहीं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भी फुल ड्रेस रिहर्सल में हिस्सा लिया।

फिलहाल स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह को लेकर जांजगीर-चांपा जिला प्रशासन ने तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। अंतिम रिहर्सल के जरिए परेड से लेकर सुरक्षा और बैठक व्यवस्था तक सभी तैयारियों को परखा गया। अब 15 अगस्त को जिला मुख्यालय में स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह पूरे उत्साह और गरिमापूर्ण माहौल में आयोजित किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply