छत्तीसगढ़ के लाल को सम्मानित करेंगी राष्ट्रपति, राजेश पाण्डेय को मिलेगा राष्ट्रपति पदक, जांजगीर में खुशी की लहर

जांजगीर-चांपा। जिले के लिए गर्व और गौरव का विषय है कि जांजगीर निवासी एवं छत्तीसगढ़ होमगार्ड्स एवं सिविल डिफेंस में अतिरिक्त कमांडेंट जनरल राजेश पाण्डेय को स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर ‘राष्ट्रपति पदक–विशिष्ट सेवा’ से सम्मानित किए जाने की घोषणा हुई है। यह प्रतिष्ठित सम्मान पुलिस एवं सुरक्षा सेवाओं में उत्कृष्ट, अनुकरणीय और दीर्घकालीन योगदान के लिए प्रदान किया जाता है।
जिले में खुशी और उत्साह का माहौल
राजेश पाण्डेय के इस महत्वपूर्ण सम्मान की खबर सामने आते ही जिले में खुशी और उत्साह का माहौल है। अंचलवासियों ने इसे पूरे जिले के लिए गौरव का क्षण बताते हुए पाण्डेय को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। लोगों का कहना है कि उनकी उपलब्धि से जांजगीर-चांपा का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित हुआ है।
दीर्घकालीन उत्कृष्ट सेवा के लिए मिलेगा सम्मान
राजेश पाण्डेय ने अपनी सेवायात्रा के दौरान विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन करते हुए कार्यकुशलता, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा की पहचान बनाई। सुरक्षा एवं प्रशासनिक जिम्मेदारियों के निर्वहन में उनके योगदान को देखते हुए उन्हें प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पदक के लिए चुना गया है।
यह सम्मान उनके सेवाकाल में किए गए उल्लेखनीय कार्यों और समर्पण का महत्वपूर्ण सम्मान माना जा रहा है। उनकी इस उपलब्धि को जांजगीर -चांपा की युवा पीढ़ी के लिए भी प्रेरणादायी बताया जा रहा है।
जांजगीर-चांपा जिले के लिए भी गौरव का अवसर
इस अवसर उनके बड़े भाई और स्वामी विवेकानंद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जांजगीर के संचालक व प्राचार्य मनोज पांडेय का कहना है कि राजेश पाण्डेय को मिलने वाला राष्ट्रपति पदक केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि जांजगीर -चांपा जिले के लिए भी गौरव का अवसर है।
राष्ट्रपति पदक जैसे प्रतिष्ठित सम्मान के लिए उनका चयन उनकी कार्यकुशलता, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और कर्तव्य के प्रति समर्पण को रेखांकित करता है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मिलने वाला यह सम्मान उनके सेवाकाल की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में शामिल होगा। जिलेवासियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया है।



