रक्षाबंधन से पहले ‘विष्णु भैया’ का बहनों को बड़ा तोहफा : 67 लाख से ज्यादा खातों में पहुंची महतारी वंदन की 31वीं किस्त

रायपुर। रक्षाबंधन से पहले छत्तीसगढ़ की 67 लाख से अधिक माताओं-बहनों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंगलवार को बालोद जिले के डौंडीलोहारा में आयोजित महतारी वंदन सम्मान समारोह में योजना की 31वीं किस्त की राशि हितग्राहियों के बैंक खातों में अंतरित की। प्रदेश की 67 लाख 28 हजार 918 महिलाओं के खातों में कुल 631 करोड़ 38 लाख 37 हजार 700 रुपये की राशि ट्रांसफर की गई।
मुख्यमंत्री साय ने बहनों को रक्षाबंधन की अग्रिम बधाई देते हुए कहा कि माताओं-बहनों के चेहरे पर मुस्कान, उनका आत्मविश्वास और उनका आशीर्वाद ही सरकार की सबसे बड़ी ताकत है।

रक्षाबंधन से पहले सितंबर की किस्त भी जारी
डौंडीलोहारा के लाल रघुवीर सिंह स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन को देखते हुए सरकार ने सितंबर माह की किस्त भी निर्धारित समय से पहले 25 अगस्त को ही जारी करने का निर्णय लिया है, ताकि बहनें त्योहार की खुशियां और उत्साह के साथ मना सकें। बालोद जिले के 2 लाख 45 हजार 28 हितग्राहियों सहित प्रदेशभर की महिलाओं को इस किस्त का लाभ मिला है।
‘महतारी वंदन’ सिर्फ आर्थिक सहायता नहीं
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि महतारी वंदन योजना केवल हर महीने मिलने वाली आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है। इस योजना ने महिलाओं में आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की भावना को मजबूत किया है। महिलाएं योजना की राशि का उपयोग स्वास्थ्य, पोषण, बच्चों की पढ़ाई, बचत और छोटे कारोबार जैसी जरूरतों के लिए कर रही हैं। उन्होंने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की माताओं-बहनों के खातों में करीब 20 हजार करोड़ रुपये की राशि अंतरित की जा चुकी है।




