किसान स्कूल में मनेगा ‘प्रकृति राखी त्योहार’ आज पेड़ों को राखी बांधकर महिलाएं देंगी पर्यावरण संरक्षण का संदेश

जांजगीर-चांपा
प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए जांजगीर-चांपा जिले के किसान स्कूल बहेराडीह में अनोखी पहल की जा रही है। किसान स्कूल में 27 अगस्त गुरुवार को दोपहर 2:30 बजे से ‘प्रकृति राखी त्योहार’ मनाया जाएगा।
इस अवसर पर बिहान समूह से जुड़ी महिलाएं और ग्रामीण बेटियां विद्यालय परिसर और आसपास लगे पेड़-पौधों को राखी बांधकर उनके संरक्षण का संकल्प लेंगी। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण बचाने, पौधों की देखभाल करने और अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए ग्रामीणों को प्रेरित किया जाएगा।
किसान स्कूल के संचालक दीनदयाल यादव ने बताया कि पेड़-पौधे मानव जीवन के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। ये हमें ऑक्सीजन, फल, फूल, औषधियां और छाया देने के साथ-साथ पर्यावरण का संतुलन बनाए रखते हैं। इसलिए राखी के पवित्र पर्व को प्रकृति संरक्षण से जोड़ा जा रहा है, ताकि पेड़-पौधों को भी परिवार के सदस्य की तरह संरक्षण दिया जा सके।
कार्यक्रम में महिलाएं “पेड़ बचाएंगे, पर्यावरण बचाएंगे और आने वाली पीढ़ी का भविष्य सुरक्षित बनाएंगे” का संदेश देंगी। साथ ही पौधों की नियमित देखभाल और सुरक्षा की जिम्मेदारी लेने का संकल्प भी लिया जाएगा।
किसान स्कूल प्रबंधन ने सभी ग्रामीणों से इस पर्व में शामिल होकर इसे जनअभियान बनाने की अपील की है। साथ ही भारत के सभी राज्यों की दीदियों से भी इस महाभियान में जुड़ने का आग्रह किया है। गौरतलब है कि किसान स्कूल प्रबंधन ने पांच साल पहले रक्षाबंधन से एक दिन पहले इस अभियान की शुरुआत की थी, जो तब से लगातार जारी है।




