छत्तीसगढ़

कोतबा-लावाकेरा मार्ग पर दर्दनाक हादसा : तेज रफ्तार पिकअप ने 7 साल की मासूम को कुचला, मौके पर ही मौत

जशपुर। कोतबा-लावाकेरा मुख्यमार्ग पर बुधवार की दोपहर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। सड़क पार कर रही एक 7 वर्षीय मासूम बच्ची को तेज रफ्तार और लापरवाही से लावाकेरा से कोतबा की ओर आ रही एक पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की पहचान डोंगादरहा (पुजारी पारा) निवासी मुक्तेश्वर सिदार की 7 वर्षीय पुत्री कु. सुकृता बाई के रूप में हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त पिकअप (क्रमांक JH 01 EX 9288) संबलपुर से टमाटर लेने के लिए लुड़ेग की ओर जा रही थी। वाहन चालक काफी तेज और लापरवाही पूर्वक गाड़ी चला रहा था। इसी दौरान सड़क पार कर रही सुकृता को पिकअप ने इतनी भीषण टक्कर मारी कि वह उछलकर सड़क पर दूर सामने जा गिरी। घटना के बाद वाहन रोकने के बजाय आरोपी चालक ने भागने के चक्कर में तेज रफ्तार पिकअप से मासूम को दोबारा कुचल दिया और मौके से फरार हो गया। इस हृदयविदारक घटना में बच्ची ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

See also  अंधियारी पाठ में हुई चाकूबाजी के आरोपी पकड़े गए

हादसे के बाद मौके पर मौजूद जागरूक नागरिकों ने तत्परता दिखाते हुए फरार पिकअप का पीछा किया और कोतबा के बैगाबहार के आसपास वाहन को रोक लिया। सूचना मिलते ही कोतबा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और पिकअप को जब्त कर कोतबा चौकी ले आई।

कोतबा पुलिस ने आरोपी चालक से प्रारंभिक पूछताछ के बाद उसे और वाहन को पुलिस चौकी कोल्हेनझरिया (थाना तुमला) के सुपुर्द कर दिया। मामले में पुलिस चौकी कोल्हेनझरिया द्वारा मर्ग कायम कर अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है और आरोपी चालक को हिरासत में लेकर दुर्घटना की विस्तृत विवेचना की जा रही है। वहीं, कोतबा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। इस दर्दनाक हादसे के बाद से मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।

See also  करेला गांव स्थित फार्म हाउस में संगीन वारदात, फार्म हाउस में हरियाणा के दंपती की हत्या 

Related Articles

Leave a Reply