छत्तीसगढ़जांजगीर चांपा

पंतोरा की पहाड़ी में लापता महिला का शव बरामद, प्रेम संबंध के विवाद में हत्या की आशंका

जांजगीर-चांपा। जिले के पंतोरा चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अंगारखार की 30 वर्षीय लापता महिला का शव तिलसा रवार पहाड़ी क्षेत्र से बरामद हुआ है। महिला की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस और ग्रामीणों की संयुक्त सर्चिंग में शव मिला। प्रारंभिक जांच में प्रेम संबंध को लेकर विवाद के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने एक संदिग्ध आरोपी को चिन्हांकित किया है, जो जहर सेवन के बाद कोरबा अस्पताल में उपचाराधीन है।

पुलिस के अनुसार, 24 नवंबर 2026 को सूचना मिली कि ग्राम अंगारखार निवासी महिला 22 नवंबर से लापता है। इस पर चौकी पंतोरा में अपराध क्रमांक 581/26, धारा 140(3) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर पतासाजी शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बलौदा निरीक्षक मनोहर सिन्हा और चौकी प्रभारी पंतोरा PSI अभिलाष कुमार सिन्हा के नेतृत्व में टीम गठित की गई।

See also  चिटफंड कंपनी के निवेशकों की सूची तैयार, जल्द पैसा लौटाएगा प्रशासन

25 नवंबर की सुबह पुलिस और ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से पहाड़ी क्षेत्र में तलाश की। इस दौरान महिला का शव बरामद हुआ। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

विवेचना में सामने आया कि महिला अपने परिचित से मिलने पहाड़ी पर गई थी। इसी दौरान गांव का एक अन्य व्यक्ति वहां पहुंचा और प्रेम संबंध को लेकर विवाद हुआ। पुलिस के अनुसार, प्राप्त तथ्यों के आधार पर प्रकरण में हत्या की धारा 103(1) BNS जोड़ी गई है।

संदिग्ध आरोपी के जहर सेवन के बाद अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी मिली है। उसके स्वस्थ होने पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply