छत्तीसगढ़ में आज रेड अलर्ट, भारी बारिश के साथ तेज हवाओं का खतरा

प्रदेश में बुधवार को रायपुर और बस्तर संभाग के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई है। 24 व 25 सितंबर को भी भारी से अतिभारी बारिश होने की संभावना है। राजधानी रायपुर समेत कई इलाकों में तेज पानी गिरा है। प्रदेश में अब तक 1049.9 मिमी पानी गिर चुका है। यह सामान्य से केवल 6 फीसदी कम है इसलिए इसे सामान्य माना जाता है। रायपुर जिले में 1127.6 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से 14 फीसदी ज्यादा है। उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र का सबसे ज्यादा असर बस्तर संभाग में हो रहा है।
पिछले 24 घंटे में जिलों का हाल
पिछले 24 घंटे में करपावंड में 8, मैनपुर में 7, बड़े राजपुर, फरसगांव में 6, कोंटा, माकड़ी में 5, ताेंगपाल, केशकाल, छिंदगढ़, नगरी, छुरा, धनोरा, गरियाबंद में 4-4 सेमी पानी गिरा। इसी तरह सुकमा, बेलरगांव, अमलीपदर, सरोना, कोंडागांव, नरहरपुर, तोकापाल, बीजापुर, जगदलपुर, कांकेर, नानगुर, बस्तर, अंतागढ़, गुरुर, छोटेडोंगर, दरभा, धमतरी, बलौदा, कोमाखान, कुकरेल, बलौदा, चारामा व दोरनापाल में 3-3 सेमी पानी बरस गया। कई स्थानों पर एक से दो सेमी पानी गिरा। रायपुर शहर में 15.3 मिमी वर्षा हुई। प्रदेश के 5 जिले कवर्धा, बेमेतरा, सरगुजा, कांकेर व जशपुर जिले में सामान्य से कम पानी गिरा है। ये जिले रैनशेडो एरिया में आता है। दरअसल जब मानसूनी हवाओं को पहाड़ रोक देता है तो वहां बारिश नहीं होती। इसे रैनशेडो कहा जाता है। इन जिलों में धान की फसल प्रभावित हुई है।




