छत्तीसगढ़

पत्नी से नाराज पति की करतूत : ससुराल पहुंचा और पेट्रोल छिड़ककर घर में लगा दी आग, सो रहे दादा-पोते झुलसे

सूरजपुर। रामानुजनगर थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के बाद एक दामाद द्वारा अपने ससुराल में घुसकर सो रहे दादा और छह वर्षीय पोते पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना में दोनों करीब 20 प्रतिशत झुलस गए। पुलिस ने आरोपी दामाद को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, खालापार निवासी भजन सिंह का अपनी पत्नी संगीता के साथ विवाद चल रहा था। विवाद के दौरान मारपीट के बाद संगीता घर से चली गई थी। करीब चार-पांच दिन तक उसके वापस नहीं लौटने पर भजन सिंह रामेश्वरम गांव स्थित अपने ससुराल पहुंचा।

वहां पत्नी के मायके में नहीं मिलने पर आरोपी ने उसके भाई कल सिंह को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया और उसके साथ विवाद किया। इस दौरान उसने ससुराल पक्ष के लोगों को जान से मारने की धमकी भी दी और वहां से चला गया।

See also  यात्री बस ने कार को मारी जोरदार टक्कर, चालक की मौके पर मौत, दो घायल

बताया जा रहा है कि उसी रात भजन सिंह दोबारा ससुराल पहुंचा। उसने घर की टटरी खोलकर अंदर प्रवेश किया। उस समय छह वर्षीय सत्यम सिंह और उसके दादा जय सिंह एक ही बिस्तर पर कंबल ओढ़कर सो रहे थे।

आरोप है कि भजन सिंह ने दोनों के ऊपर पेट्रोल छिड़क दिया और माचिस से आग लगा दी। अचानक आग लगने से घर में अफरा-तफरी मच गई। घटना में सत्यम और उसके दादा जय सिंह झुलस गए।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी भजन सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले की आगे जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply